‘एक कचौड़ी दो समोसा, बीजेपी पर नहीं भरोसा’, अखिलेश यादव का Gen-Z अंदाज

Akhilesh Yadav: लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधने के लिए जेन-जी अंदाज अपनाया। उन्होंने दिल्ली में हाल ही में हुए महिला प्रदर्शन के दौरान लगाए गए नारों का जिक्र करते हुए कहा, “एक कचौड़ी दो समोसा, बीजेपी पर नहीं भरोसा।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।

अखिलेश ने युवाओं से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में जेन-जी और पीडीए मिलकर भाजपा का पत्ता साफ कर देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए सपा के साथ आने वाले सभी दलों और नेताओं का स्वागत है।

लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि 51 हजार करने का वादा

इससे पहले अखिलेश यादव ने लोकतंत्र सेनानियों के साथ बैठक की। इस दौरान सेनानियों ने पुरानी यादें साझा कीं और जरूरी सुझाव दिए। अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि बढ़ाकर 51 हजार रुपये प्रतिमाह की जाएगी। उनका इलाज भी मुफ्त कराया जाएगा। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान देने की बात कही।

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि देश और प्रदेश सोशल इमरजेंसी के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि PDA पर जिस दौर में अत्याचार होगा, वह आपातकाल होगा। अखिलेश ने भाजपा पर लोकतंत्र खत्म करने, महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ने तथा सच्चे साधुओं का अपमान होने के आरोप लगाए।

एक्सप्रेसवे और बिजली व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

अखिलेश ने दावा किया कि कई दलों और सपा के टिकट पर जीतकर भाजपा में गए नेताओं की वापसी की इच्छा है। उनके मुताबिक, टिकट नहीं मिलने और गठबंधन में कम सीटें मिलने से कई लोग परेशान हैं।

उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 74 गड्ढे होने का दावा करते हुए सवाल उठाए। बिजली व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भाजपा सरकार में बिजली बन ही नहीं रही, तो सरकार देगी कहां से। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी कॉरपोरेट सेक्टर में अपनी धमक बनाना चाहती है।

Also Read: लखनऊ में इंस्टाग्राम स्टोरी से दंगा फैलाने का आरोप, ठाकुरगंज पुलिस ने दर्ज किया FIR 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.