बाबा रामदेव के बयान पर बोले मौलाना फरंगी महली, अपने धर्म तक सीमित रहें, मुसलमान कमजोर नहीं

Lucknow News: योग गुरु बाबा रामदेव के कन्वर्टेड मुसलमान वाले बयान पर पलटवार करते हुए इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाबा रामदेव को दूसरों के अकीदे पर बयानबाजी करने के बजाय सिर्फ अपने धर्म तक सीमित रहना चाहिए।

लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत के दौरान मौलाना ने कहा कि मुसलमान न तो अतीत में कमजोर थे और न ही आज हैं। उन्होंने कहा, हर नागरिक को अपनी धार्मिक आस्था का अधिकार है। इस्लामी मान्यता के अनुसार सभी इंसान हजरत आदम (अलैहिस्सलाम) की औलाद हैं। ऐसे में किसी को बेवजह टिप्पणी करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के एनआरसी से जुड़े बयान पर मौलाना ने कहा कि देश का हर नागरिक सम्मानजनक है। बार-बार किसी भारतीय से उसकी नागरिकता का प्रमाण मांगना गलत है और इसीलिए एनआरसी का पहले भी कड़ा विरोध हुआ था। आगामी उत्तर प्रदेश चुनावों से पहले मुस्लिम समुदाय पर हो रही बयानबाजी को उन्होंने दुखद बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही भ्रम फैलाने की कोशिशें शुरू हो जाती हैं, लेकिन अब मुस्लिम समाज काफी जागरूक हो चुका है।

समाजवादी पार्टी में मुसलमानों को प्रतिनिधित्व न मिलने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में कई मुस्लिम विधायक और सांसद मौजूद हैं। हाल ही में जैस्मीन अंसारी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनाया जाना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। फ्लाई दुबई विमान को सुरक्षित लैंड कराने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की दिलेरी की तारीफ करते हुए मौलाना ने कहा कि उनके साहस ने वैश्विक स्तर पर पूरे भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया है।

Also Read: लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में गार्ड करेंगे मरीजों का ECG, CMS ने जारी किया आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.