लखनऊ में मां की हत्या का बनाया प्लान, ऑनलाइन मंगाया रिंच, डायरी में लिखे थे एक-एक स्टेप
Lucknow News: लखनऊ के नाका इलाके में मां की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। 17 साल के नाबालिग बेटे पर आरोप है कि उसने हत्या की पहले से योजना बनाई थी। इसके लिए उसने इंटरनेट की मदद से एक डायरी तैयार की थी, जिसमें वारदात और उसके बाद उठाए जाने वाले कदमों का जिक्र था।
ऑनलाइन मंगाया था पाना, पेपर स्प्रे भी रखा
पुलिस के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल किया गया मास्टर रिंच ऑनलाइन मंगाया गया था। नाबालिग अपने साथ पेपर स्प्रे भी लेकर पहुंचा था। बताया गया है कि मां के विरोध करने पर वह इसका इस्तेमाल करने की तैयारी में था। डायरी में साक्ष्य मिटाने के लिए गर्म पानी रखने जैसी जानकारी भी दर्ज थी।
घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है। पुलिस के अनुसार, लड़का मां से मिलने के बहाने घर पहुंचा और उनसे चाय बनाने को कहा। इसके बाद करीब 15 मिनट तक कमरे का दरवाजा बंद रहा। इसी दौरान उसने रिंच से मां के सिर पर कई वार किए। वारदात के बाद उसने पिता और पुलिस को फोन कर कहा कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है।
परिवार में विवाद की भी जांच
सूचना पर डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। नाबालिग अपनी मां के शव के पास बैठा मिला और उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने डायरी, मोबाइल, रिंच और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं।
परिवार के करीबी नरेश के मुताबिक, लड़का 10-11 साल की उम्र से अपनी जेंडर पहचान को लेकर परेशान था। उम्र बढ़ने के साथ उसके व्यवहार में बदलाव आया। घर में विवाद और मारपीट की स्थिति बनने पर करीब चार महीने पहले परिवार ने गणेशगंज में उसके लिए अलग फ्लैट लिया था।
पिता ने बताया, चल रहा था इलाज
पिता के मुताबिक, बेटे का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा था। पुलिस जांच में माता-पिता की रोक-टोक, पारिवारिक विवाद और अन्य पहलुओं को भी शामिल किया गया है।
नाका थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि किशोर से पुलिस संरक्षण में पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ी जानकारी मोबाइल में होने की संभावना है, लेकिन किशोर पासवर्ड नहीं बता रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
Also Read: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में रोहित लाडला गिरफ्तार, साजिश में भूमिका का आरोप

