ड्यूटी छोड़ सपा से विधायक बनने निकला यूपी पुलिस का सिपाही, बोला- अखिलेश को बनाइए CM
Shyam Sundar Chauhan: उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात सिपाही श्याम सुंदर चौहान संतकबीर नगर की धनघटा विधानसभा सीट से 2027 का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वह समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील कर रहे हैं। विभाग के मुताबिक, वह लंबे समय से ड्यूटी से गैरहाजिर हैं और तीन महीने पहले उन्हें निलंबित कर दिया गया था।
1994 बैच के सिपाही, तीन साल से क्षेत्र में सक्रिय
श्याम सुंदर मूल रूप से संतकबीर नगर के महुली थाना क्षेत्र के नैना झाला गांव के रहने वाले हैं। यूपी पुलिस के 1994 बैच के सिपाही श्याम सुंदर अब तक 11 जिलों में तैनात रह चुके हैं। 2023 में कुशीनगर से तबादले के बाद उन्हें गोरखपुर में डायल-112 में तैनाती मिली थी। इसी दौरान उन्होंने धनघटा सीट से चुनाव की तैयारी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर उनकी क्षेत्र से जुड़ी सबसे पुरानी पोस्ट 2023 की है।
उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा, “मैं शुरू से ही सपा की नीतियों से प्रेरित रहा हूं। पुलिस विभाग में रहकर पब्लिक को न्याय नहीं दिला पा रहा था। इसलिए विधायक बनने का विचार आया। तीन साल से क्षेत्र में सक्रिय हूं। लोगों की मदद कर रहा हूं।”
सपा की बैठक में अखिलेश को CM बनाने की अपील
करीब एक महीने पहले धनघटा के लोहरेया में सपा की समीक्षा बैठक में श्याम सुंदर ने कहा था, “मैं श्याम सुंदर चौहान सिपाही आप सबका स्वागत करता हूं।” उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन पार्टी को मजबूत करने के लिए हो रहा है। उन्होंने कहा, “जो बूथ जीतेगा, वही सिकंदर होगा। जो अपना बूथ जिता लेगा, वही सरकार बनाएगा।”
उन्होंने खुद को दलित बताते हुए आरोप लगाया था कि भाजपा के दलित विधायक और सांसद आरक्षण खत्म करने वालों का साथ दे रहे हैं। उन्होंने लोगों से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील भी की थी।
पुलिस कर रही गैरहाजिरी की जांच
श्याम सुंदर सोशल मीडिया पर लाल टोपी पहने अपनी तस्वीरों और सपा नेताओं के साथ पोस्ट साझा करते रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह नौकरी से खुद इस्तीफा देने के बजाय बर्खास्तगी का इंतजार कर रहे हैं, ताकि चुनाव में हारने या दूसरी स्थिति बनने पर अदालत के जरिए नौकरी पाने की कोशिश कर सकें। इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यूपी सरकारी सेवक आचरण नियमावली के नियम 5 के तहत सरकारी कर्मचारी राजनीतिक दल से जुड़ नहीं सकते और चुनाव में भाग नहीं ले सकते। रिटायर्ड सीओ शिव पूजन सिंह के मुताबिक, नियम तोड़ने पर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई हो सकती है।
गोरखपुर के एसपी क्राइम अयोध्या सिंह ने बताया कि श्याम सुंदर काफी समय से निलंबित हैं और हाजिरी भी नहीं लगा रहे। उनसे संपर्क कर लगातार गैरहाजिर रहने की वजह पता की जा रही है।

