प्रेमानंद महाराज के आश्रम पर उठे सवाल, शिष्य की मौत के बाद अब युवती और बच्चा लापता

Vrindavan News: वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर 17 वर्षीय अनुज चौधरी के परिजन धरने पर बैठ गए हैं। परिवार बेटे की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहा है। परिजनों का आरोप है कि आश्रम के शिष्य उनकी मदद नहीं कर रहे हैं। इसी बीच आश्रम से जुड़े अन्य लोगों के लापता होने के दावे भी सामने आए हैं।

किशोर के बाद युवती और बच्चा भी लापता

नजफगढ़ निवासी अनीता ने बताया कि उनका 10 वर्षीय बेटा वंश आश्रम के बाहर स्थित ढाबे से गायब हो गया। अनीता ढाबे में खाना बनाने का काम करती हैं। उनके मुताबिक छह दिन पहले वह किसी काम से गांव गई थीं और बेटे को ढाबा मालिक के पास छोड़ गई थीं। लौटने पर वंश वहां नहीं मिला।

वहीं नोएडा सेक्टर-56 निवासी उमेश सिन्हा अपनी 38 वर्षीय बेटी विभा को तलाशते हुए वृंदावन पहुंचे। उनका कहना है कि विभा 15 अगस्त को घर से प्रेमानंद महाराज के आश्रम के लिए निकली थी। वह महाराज से दीक्षा लेना चाहती थी। बेटी का पता नहीं चलने पर परिवार ने नोएडा पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।

शिष्य की मौत के बाद भी उठे सवाल

इससे पहले आश्रम के शिष्य दीपक पटेल उर्फ रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। बताया गया कि वह आश्रम के पास बने भवन की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए थे। अस्पताल में जांच के दौरान उनके प्राइवेट पार्ट के कटे होने की बात सामने आई थी।

प्रेमानंद महाराज सोशल मीडिया के जरिए तेजी से प्रसिद्ध हुए। जनवरी 2023 में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के आश्रम पहुंचने के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ी। पिछले कुछ समय से उनकी रात की पदयात्रा बंद है और यूट्यूब चैनल पर नए सत्संग वीडियो भी नहीं आ रहे हैं। हालांकि, इन घटनाओं को लेकर आश्रम की ओर से किसी गड़बड़ी की पुष्टि करने वाला बयान सामने नहीं आया है।

Also Read: 4.60 लाख छात्रों के खाते में स्कॉलरशिप, योगी बोले- कोई बच्चा वंचित न रहे 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.