नोएडा में 68 मंजिला इमारत की 43वीं मंजिल से कूदा युवक, शरीर के हुए टुकड़े

Noida News: नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी के एस्पायर टावर में शनिवार को 29 साल के युवक की 43वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। युवक की पहचान संभव जैन के रूप में हुई है। घटना के समय पास में काम कर रहे चार लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह उनके हाथ छुड़ाकर नीचे गिर गया। पुलिस की शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी की बात सामने आई है।

घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें संभव बालकनी की रेलिंग के बाहर लटका दिखाई दे रहा है। जमीन पर गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस को शव को बोरी में रखकर ले जाना पड़ा।

Airbnb कमरे में ठहरा था संभव

पुलिस के मुताबिक, संभव जैन पुत्र विनय कुमार जैन गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर क्षेत्र का रहने वाला था। उसने 2 अक्टूबर को सुपरनोवा बिल्डिंग में कमरा नंबर 4228 किराए पर लिया था। यह कमरा Airbnb के जरिए बुक किया गया था। संभव ने दोपहर करीब ढाई बजे चेक-इन किया था।

शनिवार सुबह 11:27 बजे वह कमरे की बालकनी में पहुंचा और रेलिंग के बाहर की तरफ लटक गया। रेलिंग पर करीब तीन फीट ऊंचा शीशा लगा हुआ था। पास के कमरे नंबर 4227 में चार एसी टेक्नीशियन काम कर रहे थे। युवक को लटका देखकर वे तुरंत बाहर आए और उसे पकड़कर ऊपर खींचने की कोशिश करने लगे।

चार लोगों ने रोका, लेकिन हाथ छुड़ाकर कूद गया

वीडियो में दिखाई देता है कि चारों युवक संभव को समझाने और वापस बालकनी में खींचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, संभव ने उनसे कहा कि वह बहुत ज्यादा डिप्रेशन में है और जीना नहीं चाहता। इसके बाद उसने पहले युवकों के हाथों से अपने हाथ छुड़ाए और फिर रेलिंग छोड़ दी। कुछ ही पलों में वह जमीन पर गिर गया।

गिरने से उसके शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा। घटनास्थल पर खून फैल गया और शरीर के टुकड़े कई फीट दूर तक जा गिरे। सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-126 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की।

मोबाइल में मिला वीडियो और पिता के साथ चैट

पुलिस की शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि संभव ने घटना से पहले अपना एक वीडियो बनाया था। इसमें उसने आर्थिक परेशानी का जिक्र करते हुए जान देने की बात कही थी। पुलिस ने इस वीडियो को जांच के लिए भेज दिया है।

नोएडा में 68 मंजिला इमारत की 43वीं मंजिल से कूदा युवक, शरीर के हुए टुकड़े

इसके अलावा, संभव के मोबाइल फोन में उसके और पिता के बीच हुई वॉट्सऐप चैट भी मिली है। पुलिस के मुताबिक, इस बातचीत में भी संभव ने आत्महत्या करने की बात लिखी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.