मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग का 50 हजार का इनामी शूटर अमन त्यागी ढेर, तीन पुलिसकर्मी घायल
Noida News: उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस को अपराधियों पर नकेल कसने के अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। नोएडा के थाना 126 क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कुख्यात रणदीप भाटी गैंग का 50,000 रुपये का इनामी शार्प शूटर अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी मारा गया। इस दौरान दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे अपराध मुक्त अभियान के तहत थाना 126 पुलिस और स्पेशल सीआरटी (CRT) टीम को इलाके में भाटी गैंग के शूटर की मौजूदगी का सटीक इनपुट मिला था। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर गाड़ियों की सघन चेकिंग शुरू की। खुद को घिरता देख और पुलिस द्वारा रोकने का इशारा किए जाने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं और भागने का प्रयास किया।
नोएडा डीसीपी प्रीति यादव के अनुसार, बदमाश द्वारा की गई अचानक फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस और सीआरटी टीम ने त्वरित मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस सटीक जवाबी कार्रवाई में गंभीर रूप से घायल हुए इनामी शूटर अमन त्यागी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में भर्ती तीनों घायल पुलिसकर्मियों की हालत अब खतरे से बाहर है।
कई संगीन मामलों में वांछित था अमन त्यागी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया बदमाश अमन त्यागी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर हत्या व रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी। फिलहाल, पुलिस की टीमें रणदीप भाटी गैंग के अन्य फरार सदस्यों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।
Also Read: Bareilly News: मुठभेड़ में इनामी गो-तस्कर के पैर में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

