आराधना मिश्रा मोना ने संभाली यूपी कांग्रेस की कमान, बोलीं- ‘वोट चोरी के खिलाफ सड़क पर जारी रहेगा संघर्ष’
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना को शनिवार को प्रदेशभर से पहुंचे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। लखनऊ में कांग्रेसजनों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और जनहित के मुद्दों पर सड़क पर संघर्ष करने का भरोसा जताया।
प्रदेश के कई जिलों से पहुंचे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता
आराधना मिश्रा मोना को बधाई देने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, बिजनौर, बागपत, अमरोहा और आगरा समेत कई जिलों से कांग्रेसजन लखनऊ पहुंचे। इसके अलावा मैनपुरी, औरैया, कानपुर, कानपुर देहात, हरदोई, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, सीतापुर और लखीमपुर समेत अन्य जिलों के कार्यकर्ताओं ने भी उनसे मुलाकात की।
इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे पार्टी को मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रहेंगे।
जमानत को बताया न्याय की जीत
इस दौरान आराधना मिश्रा मोना ने वोट चोरी के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान जेल भेजे गए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की जमानत को न्याय की जीत बताया। उन्होंने निवर्तमान प्रदेश महासचिव अनिल यादव, जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर, राजेश कुमार, मनोज गौड़, राजेश गौतम उर्फ राजा गौतम और पंकज चौधरी की जमानत के लिए प्रयास करने वाले कांग्रेस विधि विभाग, स्थानीय संगठन और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी देश के लोगों के वोटों में कथित हेराफेरी कर रही है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने पहले ही यह मुद्दा उठाया था और अब जनता भी इसे समझ रही है।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए। आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से जनता निष्पक्षता की उम्मीद करती है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
Also Read: लखनऊ के मलिहाबाद में सड़क हादसे में व्यापारी नेता की पत्नी की मौत, जर्जर सड़क पर उठे सवाल

