देवरिया में आधी रात एनकाउंटर, RSS कार्यकर्ता की हत्या का आरोपी दीपक तिवारी गिरफ्तार
Deoria Police Encounter: देवरिया में शनिवार आधी रात के बाद पुलिस और RSS कार्यकर्ता की हत्या के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। लार थाना क्षेत्र के सुतावर मोड़ के पास हुई कार्रवाई में आरोपी दीपक तिवारी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को पहले सीएचसी लार और फिर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक, टीम सुतावर मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। पैर में गोली लगने के बाद आरोपी गिर गया और उसे पकड़ लिया गया।
एक अक्टूबर को हुई थी RSS कार्यकर्ता की हत्या
लार थाना क्षेत्र के रक्शा ग्राम पंचायत के भीखमछपरा टोला निवासी 50 वर्षीय रामेश्वर तिवारी (Rameshwar Tiwari) RSS के समरसता प्रमुख थे। एक अक्टूबर को घर के सामने रास्ते पर स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से हमला कर उनकी मौत हो गई थी।
मामले में संजय तिवारी, दीपक तिवारी, प्रांजल तिवारी, अभिनित तिवारी, आदित्य तिवारी, निखिल तिवारी समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस विभाग ने भी कार्रवाई की थी। मामले में लापरवाही के लिए थानेदार राकेश सिंह, दरोगा राममूरत, बीट आरक्षी प्रीतम भारती और चंद्रभान को निलंबित किया गया था।
बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे
एनकाउंटर (Deoria Police Encounter) की सूचना मिलते ही एसपी अभिजीत आर शंकर, एएसपी सुनील कुमार सिंह और सीओ गौरव सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मुठभेड़ की जानकारी ली।
एसपी ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में हत्या का एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। पैर में गोली लगने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: लखनऊ के मलिहाबाद में सड़क हादसे में व्यापारी नेता की पत्नी की मौत, जर्जर सड़क पर उठे सवाल

