पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सेना के सूबेदार का शव ले जा रही एंबुलेंस ट्रक से टकराई, 4 की मौत
Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह दो अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसे सामने आए हैं। हलियापुर थाना क्षेत्र में पहला भीषण हादसा माइलस्टोन 79.6 के पास हुआ, जहाँ सेना के एक सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस अचानक खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एंबुलेंस चालक और मृतक सूबेदार के बेटे समेत कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे हादसे में एक अनियंत्रित पिकअप ट्रेलर में जा घुसी, जिससे उसके चालक की जान चली गई।
एंबुलेंस हादसे में सूबेदार के बेटे और चालक समेत 4 की मौत
यूपीडा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस पंचकूला कमांड हॉस्पिटल (चंडीगढ़) से देवरिया जिले के रुद्रपुर निवासी सूबेदार सत्यवान सिंह का शव लेकर उनके पैतृक गांव जा रही थी। सुबह करीब 8:30 बजे हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही राहत टीम मौके पर पहुंची और सभी को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गौरव सिंह (मृतक सूबेदार सत्यवान सिंह के पुत्र), जसपाल (एंबुलेंस चालक, निवासी- डेराबसी, अंबाला), राजन सिंह (पुत्र भूपति) और रामसमुझ (पुत्र जयसिंह) के रूप में हुई है।
वहीं रविवार तड़के लगभग 5:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में पिकअप चालक प्रशांत (निवासी- कानपुर) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के साथ एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। हलियापुर पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पिता के निधन के बाद बेटे की भी सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही देवरिया स्थित परिवार में मातम छा गया है।
Also Read: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में 5 ACP अधिकारियों के बदले कार्यक्षेत्र, देखें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी

