विश्व हिंदू रक्षा परिषद की धर्म संसद में मथुरा में भव्य श्रीकृष्ण मंदिर और शौर्य दिवस समेत पास हुए 12 ऐतिहासिक प्रस्ताव
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रविवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) द्वारा भव्य धर्म संसद का आयोजन किया गया। इस महासम्मेलन में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ 21 देशों से आए राष्ट्रीय अध्यक्षों, प्रतिनिधियों और प्रमुख साधु-संतों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सनातन धर्म की रक्षा, सांस्कृतिक संवर्धन और सामाजिक सुरक्षा को लेकर 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

मथुरा में शौर्य दिवस और ब्रज स्वाभिमान अभियान
संबोधन के दौरान विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पुनर्चयनित अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि धर्म संसद में मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि में भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया है। इसके लिए 5 नवंबर से 5 दिसंबर तक देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत 6 दिसंबर को लाखों सनातनी मथुरा पहुंचकर शौर्य दिवस मनाएंगे। इसके अलावा, विवादित ढांचे में नमाज रोकने के लिए ‘बृज स्वाभिमान अभियान’ और मंदिर विरोधियों के खिलाफ ‘नारायणी सेवा वाहिनी’ का गठन करने का निर्णय लिया गया है।

सुरक्षा, धर्मांतरण और सामाजिक सुधार पर बड़े फैसले
धर्म संसद में पारित अन्य प्रमुख प्रस्तावों में-
एंटी-धर्मांतरण कॉल सेंटर: धर्मांतरण पर रोक लगाने हेतु राज्यों में समर्पित कॉल सेंटर खोले जाएंगे।
एंटी-रोमियो एस्कॉर्ट: लव जिहाद जैसी घटनाओं को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश के हर जिले में स्क्वाड गठित होगा।
दुर्गा शक्ति स्वरूपा अभियान: नवरात्रि पर युवतियों व महिलाओं की सुरक्षा के लिए मंडल स्तर पर मार्शल आर्ट ट्रेनिंग कैम्प लगेंगे।
सनातन युवा सेवा अभियान: देश के 1 करोड़ ‘GenZ’ युवाओं को सनातन परंपराओं से जोड़ा जाएगा।
विश्व सनातन संसद व यूसीसी समर्थन: विश्व सनातन संसद के गठन के साथ-साथ समान नागरिक संहिता (UCC) के समर्थन में देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।

धार्मिक स्थलों की पवित्रता: मंदिर परिसरों के आसपास मांस-मदिरा की दुकानें बंद कराने और ब्रज क्षेत्र की प्राकृतिक व सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए आंदोलन होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद बृजलाल ने भी मंच से श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दों का पूर्ण समर्थन किया। सम्मेलन के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 21 प्रतिनिधियों को सनातनी गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया।
Also Read: अखिलेश यादव तक पहुंची गोरखपुर थप्पड़ की गूंज, पूरी जिला और महानगर कार्यकारिणी भंग

