जंतर-मंतर पर महिला पत्रकारों के साथ यौन उत्पीड़न, पुलिस ने क्राइम ब्रांच को सौंपी जांच
Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 3 अक्टूबर को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए हैं। दिल्ली पुलिस ने तीनों शिकायतों को निष्पक्ष जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ताओं का मेडिकल कराया गया है और अब उनके साथ संबंधित पुलिसकर्मियों समेत अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
DCP नेहा यादव के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली इलाके में BNSS की धारा 163 लागू थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटने की चेतावनी दी थी। पुलिस के अनुसार, चेतावनी के बावजूद प्रदर्शन जारी रहने पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे तीन महिलाओं ने खुद को पत्रकार बताते हुए हिरासत के दौरान पुलिसकर्मियों के अनुचित व्यवहार की शिकायत की।
महिला पत्रकार ने लगाए ACP पर आरोप
एक महिला पत्रकार ने शिकायत में आरोप लगाया कि वह प्रदर्शन (Jantar Mantar Protest) की कवरेज कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले रही थी और मौके पर महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी को लेकर उन्होंने ACP विवेक भगत से सवाल किया। महिला के मुताबिक, इसी बातचीत के दौरान उनके साथ यौन उत्पीड़न किया गया और उन्हें पीछे की ओर धक्का दिया गया। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि तीनों शिकायतें दर्ज कर मेडिकल कराया गया और आगे की निष्पक्ष जांच के लिए क्राइम ब्रांच, कमला मार्केट को भेज दिया गया है। जांच के बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
प्रेस काउंसिल और प्रेस क्लब ने जताई नाराजगी
मामले पर प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) और प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने नाराजगी जताई है। पत्रकार संगठनों ने कहा कि मीडियाकर्मियों को अपना काम करने के लिए पर्याप्त जगह और स्वतंत्रता मिलनी चाहिए तथा उनके साथ आक्रामक या धमकी भरा व्यवहार नहीं होना चाहिए। प्रेस काउंसिल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की मांग की है।
अब पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच करेगी। शिकायतों, मेडिकल रिपोर्ट और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Also Read: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जांच के आदेश! केरलम सरकार ने 20 साल पुराने भ्रष्टाचार केस में लिया एक्शन

