एवरेस्ट जीरा पाउडर पर FSSAI का एक्शन, दो टेस्ट में फेल, क्रिएटिव बेकर्स का लाइसेंस भी सस्पेंड

FSSAI Action: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर बड़ा एक्शन लिया है। गंभीर हाइजीन कमियां मिलने के बाद क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड (Creative Bakers and Confectioners Pvt Ltd) का लाइसेंस तत्काल सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (Everest Food Products Pvt Ltd) के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर (Jeera Powder) की एक बैच को मार्केट से वापस लेने का आदेश दिया गया है।

एवरेस्ट जीरा पाउडर का संबंधित बैच नंबर E080668761 है। जांच में इसके सैंपल में एजोक्सीस्ट्रोबिन (Azoxystrobin) और थायमेथोक्साम (Thiamethoxam) नाम के पेस्टिसाइड के अवशेष तय सीमा से अधिक मिले। इसके बाद सैंपल को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत अनसेफ घोषित किया गया।

दोबारा जांच में भी फेल हुआ जीरा पाउडर

सैंपल की पहली लैब रिपोर्ट के बाद कंपनी को अपील का मौका दिया गया। इसके बाद नमूना रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां दोबारा जांच में भी दोनों पेस्टिसाइड की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई। लैब ने भी इसे अनसेफ घोषित किया।

FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स को संबंधित पूरी बैच तत्काल मार्केट से वापस लेने, वापस लिए गए उत्पाद का रिकॉर्ड रखने और निर्धारित समय में स्टेटस रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। कंपनी को भविष्य में ऐसी समस्या रोकने के लिए जरूरी सुधार करने को भी कहा गया है।

बेकरी में गंदगी, मक्खियां और कीड़े मिले

क्रिएटिव बेकर्स की जांच में फूड प्रोडक्शन और हैंडलिंग एरिया में गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं। जल्दी खराब होने वाले कच्चे सामान को खुले में रखा गया था, जबकि कच्चे और आधे तैयार उत्पादों के लिए जंग लगे और ठीक से साफ नहीं किए गए कंटेनर इस्तेमाल हो रहे थे।

जांच में कीड़ों और चूहों से बचाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली। खिड़कियों पर कीटरोधी जालियां भी नहीं थीं। फूड एरिया में कचरा, पुराना और रिजेक्ट स्टॉक तथा स्क्रैप मिला। कुछ मशीनों पर जंग, दीवारों पर उखड़ा पेंट, सीलन और टूटी फर्श की टाइलें भी पाई गईं।

इसके अलावा पानी और तैयार उत्पादों की टेस्टिंग, तापमान निगरानी, मशीनों की जांच, मेंटेनेंस, मॉक रिकॉल, शिकायत, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और ऑडिट से जुड़े रिकॉर्ड भी ठीक से मेंटेन नहीं थे। इन कमियों के चलते FSSAI ने कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड कर सभी फूड बिजनेस गतिविधियां रोकने का निर्देश दिया है।

Also Read: त्योहारों से पहले खाने का तेल हो सकता है सस्ता, सरकार ने घटाई कस्टम ड्यूटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.