लखनऊ में स्तन कैंसर के खिलाफ बड़ी पहल, ‘पिंक वेव’ वॉकथॉन में उमड़ा जनसैलाब

Pink Wave Walkathon Lucknow: लखनऊ में रविवार को स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘पिंक वेव 2026’ वॉकथॉन का आयोजन किया गया। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) की ओर से 1090 चौराहे पर हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता सप्ताह (1 से 7 अक्टूबर) के तहत आयोजित वॉकथॉन में महिलाओं, छात्राओं, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पिंक टी-शर्ट और रिबन पहनकर जागरूकता का संदेश दिया।

1090 चौराहे से निकली जागरूकता वॉक

वॉकथॉन का मार्ग 1090 चौराहा से फूड वैली, समता मूलक चौराहा होते हुए वापस 1090 चौराहा तक रहा। इस दौरान ‘Early Detection Saves Lives’ का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की थीम ‘जागरूकता की लहर, आशा की लहर, जीवन बचाने वाली लहर’ रखी गई थी। इसका उद्देश्य महिलाओं को समय पर जांच और इलाज के प्रति जागरूक करना था।

कैंसर विजेताओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में स्तन कैंसर से जंग जीत चुकी महिलाओं को सम्मानित किया गया। कैंसर विजेताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में बताया।

इसके अलावा लखनऊ के सुपर बाइकर्स ने विशेष जागरूकता रैली निकाली। विंटेज कार रैली के जरिए ‘Drive the Message Through Lucknow’ का संदेश भी दिया गया।

40 की उम्र के बाद मैमोग्राफी पर जोर

SGPGI विशेषज्ञों ने बताया कि स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे आम कैंसरों में शामिल है, लेकिन समय पर पहचान और उपचार से बेहतर परिणाम संभव हैं। उन्होंने नियमित स्व-परीक्षण और डॉक्टर की सलाह के अनुसार जांच कराने की अपील की।

विशेषज्ञों ने 40 वर्ष की उम्र के बाद नियमित मैमोग्राफी जांच के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम का आयोजन SGPGI ने सिटी मोंटेसरी स्कूल (CMS), रोटरी क्लब और अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने ‘स्तन कैंसर मुक्त कल के लिए एकजुट’ होने का संकल्प लिया।

Also Read: नगर पंचायत के तीन वार्ड हुए जलमग्न, घरों में दुबके ग्रामीण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.