फिरोजाबाद की टायर फैक्ट्री में भयंकर आग, दूर-दूर तक दिखीं लपटें, सांस लेना हुआ मुश्किल
Firozabad Tyre Factory Fire: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार को पुराने टायरों की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग शिकोहाबाद के उरमुरा नौशेरा इलाके में स्थित फैक्ट्री में लगी, जहां पुराने टायरों को री-ट्रेड करने के साथ उनसे तेल निकाला जाता है।
अज्ञात कारणों से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठता घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। आसपास के लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी हुई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
छह दमकल गाड़ियां मौके पर
आग (Firozabad Tyre Factory Fire) की सूचना मिलते ही जिले के सभी फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। करीब छह फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटे हैं।
फायर ऑफिसर सतेंद्र पांडे ने बताया कि करीब ढाई बजे आग की सूचना मिली थी। फैक्ट्री का पानी का पंप भी आग की वजह से खराब हो गया, जिससे दमकलकर्मियों को पानी भरने के लिए बार-बार लौटना पड़ रहा है।
काले धुएं से लोगों में दहशत

आग की ऊंची लपटों और आसमान में छाए काले धुएं को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
फायर ऑफिसर के मुताबिक, इसी फैक्ट्री में इस साल पहले भी आग लग चुकी है। हालांकि रविवार को आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। आग बुझने के बाद फैक्ट्री का निरीक्षण कर कारणों की जांच की जाएगी।
नुकसान का आकलन बाकी
फिलहाल आग (Firozabad Tyre Factory Fire) पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश जारी है। फैक्ट्री में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी नहीं किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही आंकड़ा सामने आएगा।
Also Read: Lucknow News: गोमती का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात, डीएम ने नाव से लिया जायजा

