लखनऊ में एंबुलेंस ड्राइवरों ने घेरा BJP दफ्तर, बोले- ‘नौकरी से निकाल दिया, परिवार भुखमरी के कगार पर’

Lucknow Ambulance Drivers Protest: लखनऊ में डायल-108 और डायल-102 एंबुलेंस के पूर्व कर्मचारियों ने रविवार को भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नौकरी बहाली की मांग उठाते हुए नारे लगाए, “कोरोनाकाल में हमें हीरो कहा, अब हम जीरो हो गए।”

कर्मचारियों का दावा है कि वर्ष 2021 में GVK-EMRI से जुड़े करीब 9 हजार कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया था। उनका कहना है कि पांच साल से रोजगार के लिए भटक रहे हैं और परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा है।

भाजपा नेता से की मुलाकात

प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यालय में मौजूद नेता लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से भी मिले। उन्होंने अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से नौकरी बहाली के लिए पैरवी करने की मांग की।

इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन (Lucknow Ambulance Protest) कर रहे कर्मचारियों को हिरासत में लिया और ईको गार्डन भेज दिया। इससे पहले कर्मचारी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत अन्य मंत्रियों के आवास पर भी अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं।

‘12 कर्मचारियों की गई जान’

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने दिन-रात एंबुलेंस सेवा में काम किया। उनके मुताबिक, 12 कर्मचारियों की मौत भी हुई, लेकिन उनके परिवारों को न मुआवजा मिला और न नौकरी।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सेवा लेने के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। उनका कहना है कि 2021 में करीब 3 हजार कर्मचारियों को हटाया गया था और अब तक लगभग 9 हजार लोगों की सेवाएं खत्म हो चुकी हैं। इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

भर्ती में पैसे लेने का भी आरोप

बस्ती से आए सुशील पांडे ने आरोप लगाया कि कंपनी में भर्ती के नाम पर ड्राइवरों से 25 हजार और टेक्नीशियन से 50 हजार रुपये तक लिए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि इसका विरोध करने वाले कर्मचारियों को भी नौकरी से निकाल दिया गया।

प्रदर्शनकारियों (Lucknow Ambulance Protest) ने सरकार से पुराने कर्मचारियों की बहाली और उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की है। भर्ती शुल्क और शोषण से जुड़े आरोपों पर कंपनी का पक्ष सामने नहीं आया है।

Also Read: लखनऊ के मलिहाबाद में सड़क हादसे में व्यापारी नेता की पत्नी की मौत, जर्जर सड़क पर उठे सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.