UP में ‘इंडिया’ अलायंस का हिस्सा बने स्वामी प्रसाद मौर्य, सीट बंटवारे पर अभी नहीं बनी बात
Swami Prasad Maurya INDIA Alliance: उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले नया मोड़ आया है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता गठबंधन में शामिल होकर यूपी में सरकार बनाना है, जबकि सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है।
3 अक्टूबर को दिल्ली में मौर्य ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद ही उनके इंडिया गठबंधन के साथ आने की अटकलें तेज हो गई थीं। मौर्य ने मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर भी साझा की थीं, जिनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम नजर आए।
सीट बंटवारे पर अभी कोई चर्चा नहीं
Swami Prasad Maurya ने साफ कहा कि अभी उनका फोकस सिर्फ इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनने पर है। उनकी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सीटों का बंटवारा किस तरह होगा, इस पर फिलहाल कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाना है।
गठबंधन में आने से पहले मौर्य लगातार विपक्षी नेताओं से संपर्क में थे। उन्होंने आजाद समाज पार्टी (ASP) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) से मुलाकात की थी। वह रामपुर में सपा संस्थापक आजम खान (Azam Khan) के घर भी पहुंचे थे।
BSP से BJP और फिर सपा तक का सफर
स्वामी प्रसाद मौर्य का राजनीतिक सफर कई दलों से होकर गुजरा है। वह लंबे समय तक बहुजन समाज पार्टी (BSP) में रहे और मायावती सरकार में मंत्री भी रहे। इसके बाद भाजपा (BJP) में शामिल हुए और वहां भी मंत्री पद संभाला। भाजपा छोड़ने के बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थामा और विधान परिषद सदस्य रहे।
बाद में मौर्य (Swami Prasad Maurya) ने सपा से अलग होकर ‘अपनी जनता पार्टी’ बनाई। अब विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने एक बार फिर विपक्षी गठबंधन के साथ जाने का ऐलान किया है।
Also Read: आकाश आनंद की फिर बसपा में वापसी, मायावती ने दोबारा बनाया राष्ट्रीय संयोजक

