‘कांग्रेस का सम्मान होगा, लेकिन सीटें जनाधार के हिसाब से मिलेगी’, UP में सीट बंटवारे पर सपा का बड़ा बयान

SP Congress Seat Sharing in UP: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Chunav 2027) से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन तय है, लेकिन कांग्रेस को 150 से 200 सीटें मिलने की चर्चा बेबुनियाद है।

लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान सपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस (Congress) को गठबंधन में पूरा सम्मान मिलेगा, लेकिन सीटों का बंटवारा उसके वास्तविक जनाधार के हिसाब से किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें मिलेंगी, लेकिन 150 से 200 सीटें देने की बात सही नहीं है।

अखिलेश यादव की भी यही सोच

एसपी सिंह पटेल ने कहा, “कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें मिलेंगी, 150-200 सीटें नहीं। जनाधार के अनुपात में सम्मानजनक सीटें दी जाएंगी और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की भी यही सोच है।”

सपा सांसद के इस बयान से गठबंधन में सीटों की संख्या को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता दिख रहा है। उनके बयान से संकेत मिल रहा है कि सीट शेयरिंग (SP Congress Seat Sharing in UP) में दोनों दलों की जमीनी पकड़ और चुनावी स्थिति को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।

सपा रहेगी बड़े भाई की भूमिका में?

उत्तर प्रदेश की सियासत में सपा का संगठनात्मक और चुनावी आधार कांग्रेस से मजबूत माना जाता है। ऐसे में एसपी सिंह पटेल के बयान से यह संकेत भी मिल रहा है कि सीट बंटवारे में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) बड़े भाई की भूमिका में रह सकती है।

हालांकि, अंतिम सीट बंटवारा कब और कितनी सीटों पर होगा, इसे लेकर अभी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। दोनों दलों के बीच बातचीत के बाद ही सीटों की संख्या पर अंतिम सहमति बनने की उम्मीद है।

Also Read: ‘BJP की मदद के लिए पद का गलत इस्तेमाल किया’, ज्ञानेश कुमार पर राहुल गांधी का हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.