नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, छठी के छात्र से मारपीट के बाद पंखे से लटकाया, परिजनों का हंगामा
Bulandshahr Drunk Teacher Case: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शिक्षक की शर्मनाक हरकत से स्कूल में हड़कंप मच गया। अनूपशहर क्षेत्र के गांव महुआखेड़ा स्थित संविलियन विद्यालय में सोमवार को एक शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंचा। आरोप है कि शिक्षक ने कक्षा 6 के छात्र के साथ मारपीट की और उसे जबरन पंखे से लटका दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजनों में आक्रोश फैल गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। उन्होंने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा करते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
हंगामा बढ़ा तो मौके से भागा शिक्षक
ग्रामीणों और अभिभावकों के विरोध के बीच आरोपी शिक्षक मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर स्कूल में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई होने तक विरोध जारी रखने की मांग की।
सूचना मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) गोपाल त्यागी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित अभिभावकों को शांत कराया। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कराने का आश्वासन दिया।
शिक्षक के निलंबन की बात
बीईओ ने कहा कि शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी शिक्षक को तत्काल निलंबित किया जाएगा। इसके साथ ही मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।
घटना (Bulandshahr Drunk Teacher Case) के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। स्कूल में छात्र के साथ हुई इस घटना ने सरकारी विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: अमेठी में घर में घुसकर 15 साल की नाबालिग से दरिंदगी, चीख सुन पहुंची मां पर आरोपी ने ताना कट्टा

