Sultanpur News: आधी रात को दीवार फांदकर गायक संजय यदुवंशी के घर में घुसी पुलिस, महिलाओं से अभद्रता करने का वीडियो वायरल

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के धम्मौर थाना क्षेत्र में पुलिस की एक कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी आधी रात के अंधेरे में लोक गायक संजय यदुवंशी के घर की दीवार लांघते और घर के भीतर मौजूद महिलाओं के साथ बहस करते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, धम्मौर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ उधरपुर गांव स्थित अवधी गायक संजय यदुवंशी के घर उन्हें गिरफ्तार करने पहुंचे थे। घर का मुख्य दरवाजा बंद मिलने पर पुलिसकर्मी चारदीवारी लांघकर अंदर दाखिल हो गए। मौके पर मौजूद महिलाओं ने आधी रात को इस तरह घर में घुसने का कड़ा विरोध किया और आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की।

संजय यदुवंशी ने फेसबुक पर पुलिस से पूछे सवाल

घटना के बाद अवधी गायक संजय यदुवंशी ने फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए पुलिस की इस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, क्या संजय ने कोई हत्या या अपहरण किया है? मैं कोई गैंगस्टर नहीं हूँ। अगर कोई मुकदमा दर्ज था तो पुलिस को नोटिस भेजना चाहिए था या दिन में आना चाहिए था, न कि आधी रात को नशे की हालत में दीवार फांदकर घर में घुसना चाहिए।

संजय ने आगे बताया कि वह प्रयागराज (इलाहाबाद) से सुल्तानपुर पहुँच चुके हैं और प्रशासन बताए कि उन्हें कहाँ पेश होना है। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन और कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर वह लखनऊ विधानसभा के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।

मामले में विवाद बढ़ने के बाद सुल्तानपुर पुलिस ने अपना पक्ष रखा है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त संजय यदुवंशी के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में मारपीट और जानलेवा हमला करने के संबंध में गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत है, जिसमें वह वांछित चल रहा था। पुलिस टीम विवेचनात्मक कार्यवाही और उसकी तलाश के तहत मौके पर गई थी। पुलिस प्रशासन ने अपने कर्मियों पर लगाए गए गाली-गलौज व अभद्रता के आरोपों को पूरी तरह असत्य और निराधार बताया है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और स्थानीय लोगों में पुलिस की इस कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

Also Read: सुल्तानपुर में 50 हजार गैस कनेक्शन सस्पेंड, ईकेवाईसी नहीं कराने पर बुकिंग बंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.