बिहार में छिपा था प्रयागराज का 50 हजार का इनामी, STF ने घेराबंदी कर दबोचा

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ की बरेली फील्ड यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने प्रयागराज कमिश्नरेट के कोरांव थाने से वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त महफूज को बिहार के नालंदा जिले से गिरफ्तार किया है।

मस्जिद के पास छिपे होने की मिली थी सूचना

एसटीएफ बरेली के अपर पुलिस अधीक्षक अब्दुल कादिर के पर्यवेक्षण और उप-निरीक्षक धूम सिंह के नेतृत्व में टीम इनामी अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रयागराज के कोरांव थाने में दर्ज गौ-वध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में वांछित महफूज, पुत्र फारूक, निवासी सहजादनगर, रामपुर, बिहार के नालंदा जिले के इस्लामपुर में असद की मस्जिद के पास वाली गली में छिपा है। सूचना पर एसटीएफ टीम ने मौके पर दबिश देकर मुखबिर की निशानदेही पर महफूज को गिरफ्तार कर लिया।

कार जब्त होने के बाद बिहार में छिपा था आरोपी

पूछताछ में महफूज ने बताया कि 9 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज के कोरांव थाने में उसके खिलाफ गौ-वध और पशु क्रूरता अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में उसकी कार संख्या UP 14 CA 3434 पुलिस ने जब्त कर ली थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नालंदा में छिपकर रह रहा था।

रामपुर और कुशीनगर में भी दर्ज हैं मुकदमे

एसटीएफ के मुताबिक, महफूज के खिलाफ रामपुर के मिलक थाने और कुशीनगर के तरया सुजान थाने में भी गौ-हत्या और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी को प्रयागराज के कोरांव थाने में दाखिल कर दिया है। अब स्थानीय पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Also Read: दिल्ली में INDIA ब्लॉक का ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च, पुलिस ने रोका तो बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.