वायुसेना के नए प्रमुख बने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, 3,500 घंटे उड़ान का है अनुभव
Air Marshal Ashutosh Dixit: भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) को नया प्रमुख मिलने जा रहा है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को अगला एयर चीफ मार्शल नियुक्त किया गया है। वह मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह की जगह लेंगे। सरकार के मुताबिक, दीक्षित 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर से वायुसेना प्रमुख का पद संभालेंगे और उनका कार्यकाल 2028 तक रहेगा।
9 दिसंबर 1966 को जन्मे आशुतोष दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन किया गया था। करीब चार दशक के करियर में उन्होंने 3,500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी है।
20 से ज्यादा तरह के विमान उड़ाने का अनुभव
आशुतोष दीक्षित (Ashutosh Dixit) को लड़ाकू और परिवहन विमानों पर व्यापक उड़ान अनुभव है। उन्होंने मिराज-2000, मिग के विभिन्न वेरिएंट, जगुआर, तेजस, हॉक, आईएल-78, एएन-32, एवरो, किरण और एचपीटी-32 समेत कई विमानों पर उड़ान भरी है।
वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी रह चुके हैं। अपने करियर में वह ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण अभियानों और सैन्य अभ्यासों में शामिल रहे हैं।
कई अहम पदों पर रह चुके हैं
दीक्षित सदर्न एयर कमांड में एयर डिफेंस कमांडर और साउथ वेस्टर्न एयर कमांड में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर रह चुके हैं। वह वर्तमान में एयर स्टाफ के वाइस चीफ के तौर पर कार्यरत हैं।
उनकी सेवाओं के लिए उन्हें 2006 में वायु सेना मेडल, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।
Air Marshal Ashutosh Dixit को स्वदेशी LCA तेजस और भारतीय विमानन परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए भी जाना जाता है। NDA, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र दीक्षित से वायुसेना में आत्मनिर्भर भारत (Aatmanirbhar Bharat) अभियान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Also Read: दिल्ली में INDIA ब्लॉक का ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च, पुलिस ने रोका तो बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी

