न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, 4 साल बाद भुवनेश्वर कुमार की वापसी

Team India T20 Squad for New Zealand: न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम में सबसे बड़ा बदलाव तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी है। 36 साल के भुवनेश्वर करीब चार साल बाद टीम इंडिया में लौटे हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला 22 नवंबर 2022 को न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में खेला था।

15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में बरकरार रखा गया है। श्रेयस अय्यर को टीम की कप्तानी और तिलक वर्मा को उपकप्तानी सौंपी गई है। जसप्रीत बुमराह को टी-20 टीम में शामिल नहीं किया गया है।

भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान दोनों टीमों के बीच 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान अभी नहीं हुआ है।

IPL में प्रदर्शन और न्यूजीलैंड की परिस्थितियों से मिली वापसी

भुवनेश्वर कुमार की वापसी के पीछे उनके IPL प्रदर्शन को अहम माना जा रहा है। उन्होंने 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 17 विकेट लिए थे। IPL 2026 में उन्होंने 16 मैचों में 7.95 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 28 विकेट अपने नाम किए हैं।

न्यूजीलैंड की पिचों पर गेंद को स्विंग मिलने की संभावना रहती है। नई गेंद से स्विंग कराना भुवनेश्वर की प्रमुख ताकत रही है। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में टीम को एक अनुभवी तेज गेंदबाज की जरूरत थी।

टीम में वरुण चक्रवर्ती की भी वापसी हुई है। 35 साल के इस मिस्ट्री स्पिनर का 2026 का सीजन चोटों से प्रभावित रहा। उन्होंने आखिरी टी-20 इंटरनेशनल दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। साइड स्ट्रेन के कारण वह जापान के खिलाफ एकमात्र टी-20 और इसके बाद एशियन गेम्स से बाहर हो गए थे।

इंडिया-A टीम में राहुल, जायसवाल और पंत को जगह

न्यूजीलैंड-A के खिलाफ तीन मल्टी-डे मुकाबलों के लिए इंडिया-A की 15 सदस्यीय टीम भी चुनी गई है। तेज गेंदबाजी में आकाश दीप और मुकेश कुमार को जगह मिली है। दोनों ने हाल ही में ईरानी कप में अच्छा प्रदर्शन किया था। आकाश दीप ने 6 और मुकेश कुमार ने 8 विकेट लिए थे।

टीम में केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन और ध्रुव जुरेल भी शामिल हैं। ऋषभ पंत की उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी।

न्यूजीलैंड-A के खिलाफ तीन मुकाबले 27 अक्टूबर, 3 नवंबर और 10 नवंबर को खेले जाएंगे।

भारत की टी-20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।

इंडिया-A स्क्वॉड

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ऋषभ पंत (विकेटकीपर)*, ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, औकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़ और मुकेश कुमार।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.