लखनऊ में ग्राइंडर ऐप से युवक को बुलाकर बनाया बंधक, 10 हजार कराए ट्रांसफर

Lucknow News: लखनऊ में ग्राइंडर ऐप के जरिए दोस्ती के बाद एक युवक को मिलने बुलाकर बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर गला दबाया और पेट में कई मुक्के मारे। इसके बाद उससे 10 हजार रुपये मंगवाकर ऑनलाइन अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के काशीराम नगर निवासी सत्यम सिंह (23) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 अक्टूबर की रात करीब एक बजे ग्राइंडर ऐप के जरिए एक युवक ने उसे कामता चौराहे पर बुलाया था। वहां पहुंचने पर वह युवक उसे बाइक से टेरा खास की ओर ले गया।

सत्यम के मुताबिक, एक मैदान में पहुंचने के बाद वह युवक सिगरेट पीने लगा। इसी दौरान तीन अन्य युवक वहां पहुंच गए। इसके बाद चारों उसे सुनसान जगह पर ले गए।

गला दबाया और 10 हजार रुपये ट्रांसफर कराए

सत्यम का आरोप है कि सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद एक युवक ने उसका गला दबाया और पेट में मुक्का मारा। इसके बाद चारों ने उससे पैसे मांगे। दबाव में सत्यम ने अपने पीजी मालिक अंकुर सिंह से 10 हजार रुपये मंगवाए।

आरोप है कि पैसे मिलने के बाद युवकों ने सत्यम के पेटीएम ऐप से जबरन 10 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।

पैन कार्ड से लोन लेने की भी कोशिश का आरोप

सत्यम ने शिकायत में आरोप लगाया कि पैसे ट्रांसफर कराने के बाद युवकों ने उसके मोबाइल में मौजूद पैन कार्ड की जानकारी का इस्तेमाल कर लोन लेने की भी कोशिश की।

इसके बाद आरोपियों ने उसके सारे कपड़े उतरवा दिए और उसका वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के बाद उसे गालियां दी गईं और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

आरोप है कि इसके बाद चारों युवक उसे उसी जगह छोड़कर दूसरी दिशा में फरार हो गए। आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद सत्यम ने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।

Also Read: उन्नाव में मकान बंटवारे के खूनी खेल में सगे भाई का कत्ल, तीन भाइयों और पिता पर हत्या का आरोप 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.