लखनऊ के गोमती नगर में SI की दबंगई, बुजुर्ग दुकानदार से की बदसलूकी, जेल भेजने की धमकी
Lucknow News: लखनऊ के गोमती नगर (Gomti Nagar) से पुलिस के व्यवहार को लेकर एक मामला सामने आया है। विभूति खंड थाना क्षेत्र की लोहिया पुलिस चौकी में तैनात SI विश्व दीपक यादव पर एक बुजुर्ग दुकानदार और उनके बेटे के साथ अभद्रता, गाली-गलौज, कॉलर पकड़ने और जेल में डालने की धमकी देने के आरोप लगे हैं।
विभवखंड निवासी राधा मोहन शर्मा की लोहिया अस्पताल के पास ‘बॉम्बे पाव-भाजी’ नाम से दुकान है। उनका आरोप है कि चौकी इंचार्ज के संरक्षण में दुकान और मुख्य मार्ग के आसपास दर्जनों ठेले लगवा दिए गए हैं। इससे ग्राहकों का दुकान तक पहुंचना मुश्किल हो गया है और उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है।
राधा मोहन शर्मा के मुताबिक, इसी समस्या की शिकायत लेकर वह अपने बेटे के साथ लोहिया चौकी पहुंचे थे। आरोप है कि वहां उनकी बात सुनने के बजाय चौकी इंचार्ज ने उनके साथ बदसलूकी की। पीड़ित का दावा है कि पिता-पुत्र दोनों का कॉलर पकड़ा गया और उन्हें चौकी से बाहर धकेल दिया गया।
‘शिकायत की तो हवालात में बंद कर दूंगा’
आलाधिकारियों को भेजे शिकायती पत्र में राधा मोहन शर्मा ने आरोप लगाया है कि SI विश्व दीपक यादव ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि अगर उन्होंने आगे शिकायत या कार्रवाई की कोशिश की तो रातभर हवालात में बंद कर दिया जाएगा। पीड़ित का यह भी आरोप है कि उन्हें गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पूरी जिंदगी परेशान करने की धमकी दी गई।
राधा मोहन शर्मा ने खुद को बुजुर्ग और हृदय रोग से पीड़ित बताया है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें चौकी बुलाया गया और उन पर शराब पीकर गुंडागर्दी करने का झूठा आरोप लगाया गया।
ठेलों से जाम, मरीजों और एंबुलेंस को भी परेशानी
पीड़ित परिवार का कहना है कि चौकी इंचार्ज के प्रभाव के कारण विभूति खंड थाने में भी उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है। दुकान के आसपास ठेले बढ़ने से कारोबार प्रभावित होने के साथ मानसिक परेशानी भी बढ़ रही है।
परिवार का दावा है कि लोहिया संस्थान (Dr. Ram Manohar Lohia Institute) के गेट नंबर 8 के आसपास बड़ी संख्या में ठेले लगने से दिनभर जाम की स्थिति रहती है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और एंबुलेंस को भी परेशानी होती है।
पीड़ित ने पूरे मामले के वीडियो साक्ष्य होने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने पर चौकी इंचार्ज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Also Read: लखनऊ में कुत्ता भौंका तो गार्ड ने मार दी गोली, बाइक रोककर राइफल से की फायरिंग

