लखनऊ में बाढ़ का पानी पलासियो मॉल से IIIT तक पहुंचा, कक्षाएं बंद, MTech परीक्षाएं स्थगित

Lucknow Gomti Flood: लखनऊ में गोमती नदी की बाढ़ का असर लगातार नए इलाकों तक फैल रहा है। बुधवार को पानी Palassio Mall के बाद सीजी सिटी स्थित ट्रिपल आईटी परिसर तक पहुंच गया। परिसर में पानी घुसने के बाद संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियां अगले आदेश तक बंद कर दी गईं और निर्धारित MTech परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गईं।

संस्थान के सहायक कुलसचिव विवेकानंद सिन्हा के मुताबिक, छात्राओं को कैंसर अस्पताल और छात्रों को गोल्फ सिटी स्थित हॉस्टल में सुरक्षित ठहराया गया है। हॉस्टल की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई। जिलाधिकारी विशाख जी और एसडीएम ने IIIT परिसर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और छात्रों की सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए।

पलासियो मॉल के बेसमेंट तक पहुंचा पानी

गोमती का पानी (Lucknow Gomti Flood) पलासियो मॉल के बेसमेंट तक पहुंचने के बाद वहां वाहनों की एंट्री रोक दी गई और बेसमेंट में खड़ी गाड़ियों को बाहर निकलवाया गया। मॉल के सामने अंडरपास में भी पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। आसपास की सड़क और एक निजी अस्पताल समेत कई स्थान जलभराव की चपेट में आए।

इकाना स्टेडियम के पास पानी रोकने के लिए लगाए गए अस्थायी इंतजाम भी तेज बहाव के सामने टिक नहीं सके। पानी निकालने के लिए लगाया गया पंपिंग इंतजाम भी प्रभावित हुआ, जिसके बाद इकाना और आसपास के इलाकों में पानी फैलता गया।

फैजुल्लागंज में हजारों घर प्रभावित

फैजुल्लागंज में भी हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 15 हजार मकान बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 20 से 25 हजार लोग अब भी प्रभावित इलाकों में फंसे हुए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से राहत सामग्री और पानी पहुंचाने का दावा किया गया है। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक शहर के कई हिस्सों में करीब 40 हजार घर बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर जा चुके हैं।

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में नावें और राहत टीमें लगाई हैं। मामा कॉलोनी और दाउदनगर समेत कई क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कई मोहल्लों तक मदद अभी पर्याप्त नहीं पहुंची है।

इधर, इकाना के सामने पानी का प्रवाह रोकने के लिए बोल्डर और मिट्टी से अस्थायी अवरोध बनाया गया, जिससे नए पानी का प्रवाह नियंत्रित हुआ और जलस्तर में करीब छह इंच की कमी दर्ज की गई। गोमती बैराज का गेट भी पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए बंद किया गया।

हालांकि राहत के संकेत भी मिले हैं। इलाकों में पानी घटने के बाद गोमती का जलस्तर लखनऊ में गुरुवार से नीचे आने की संभावना जताई गई है।

Also Read: लखनऊ में अब बाढ़-जलभराव से मिलेगी राहत, 148.87 करोड़ से बनेंगे 12 फ्लड पम्पिंग स्टेशन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.