गोरखपुर में दीपक गुप्ता हत्याकांड का आरोपी जैद अली STF के हत्थे चढ़ा, रामपुर से दबोचा गया
UP STF News: गोरखपुर (Gorakhpur) में दीपक गुप्ता हत्याकांड के मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। पशु तस्करी गिरोह के सक्रिय सदस्य और मामले में वांछित आरोपी जैद अली उर्फ जैद कुरैशी को 8 अक्टूबर 2026 को रामपुर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी दोपहर करीब 1:30 बजे रामपुर के घेर मर्दान खां, थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई। आरोपी फिरासत अली का पुत्र है और इसी इलाके का निवासी है।
इस मामले की जांच निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में चल रही थी। उनके निर्देशन में उपनिरीक्षक विनायक सिंह, मुख्य आरक्षी अभिलाष कुमार तिवारी और मुख्य आरक्षी विनय कुमार सिंह की टीम ने खुफिया जानकारी जुटाई। सूचना मिली कि जैद अपने गांव में मौजूद है। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
सितंबर 2025 में हुई थी दीपक गुप्ता की हत्या
जांच के अनुसार, 15 और 16 सितंबर 2025 की रात पशु तस्करों ने पिकअप से दीपक गुप्ता की स्कूटी को टक्कर मारकर गिरा दिया था। इसके बाद उन्हें अगवा कर मारपीट की गई और जबरन पिकअप में बैठा लिया गया। आरोप है कि मेडिकल कॉलेज रोड के पास उनकी हत्या कर शव फेंक दिया गया था। यह मामला गोरखपुर के पिपराइच थाने में दर्ज है।
पूछताछ में जैद ने कथित तौर पर गोवध के लिए गोवंशीय पशुओं की तस्करी करने की बात बताई। UP STF के अनुसार, वह बिहार के गोपालगंज और सिवान में नवाब नूर, जुबैर और उबैद के संपर्क में रहता था और बाद में गिरोह से जुड़ गया। गिरोह में जैद का काम सेकंड हैंड पिकअप खरीदना और वाहनों की व्यवस्था करना था, जबकि अन्य सदस्य गोवंश की अवैध तस्करी करते थे।
जांच में सामने आया कि तस्करी के दौरान रोक-टोक होने पर गिरोह ने संबंधित लोगों को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। इसी घटनाक्रम में दीपक गुप्ता के अपहरण और हत्या की बात सामने आई है।
पहले भी गिरफ्तार हो चुका है एक आरोपी
इस मामले में 8 अप्रैल 2026 को शिवम तिवारी को बिहार के पश्चिमी चंपारण से गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल सफेद महिंद्रा पिकअप (UP57BT3599) बरामद हुई थी।
UP STF के मुताबिक, जैद के खिलाफ रामपुर में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, सीएस एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
Also Read: Bareilly News: अफीम के साथ तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे

