राजनीति में आने का ऐलान करने के बाद मिर्जापुर पहुंचीं पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल का जोरदार स्वागत

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के राजनीति में आने के ऐलान के बाद रविवार को उनके मिर्जापुर दौरे पर प्रशंसकों और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। जैसे ही उनका काफिला पूर्व में जिलाधिकारी के रूप में तैनात रहे इस जिले में पहुंचा, समर्थकों ने उन्हें गुलाब की मालाओं से लाद दिया और उन पर पुष्पवर्षा की। सोशल मीडिया पर इस स्वागत का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवाओं द्वारा ‘दिव्या दीदी जिंदाबाद’ के नारे लगाते और कई लोगों को उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए देखा जा सकता है।

माना जा रहा है कि पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल मिर्जापुर की धरती से ही अपने नए राजनीतिक सफर का श्रीगणेश कर सकती हैं। जनता के बीच उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2023 में जब उनका यहां से ट्रांसफर हुआ था, तब भी स्थानीय नागरिकों ने उन्हें अश्रुपूर्ण और भव्य विदाई दी थी। राजनीति में उतरने की घोषणा के बाद पहली बार मिर्जापुर पहुंचने पर मिले इस स्नेह से वे काफी अभिभूत नजर आईं।

मिर्जापुर में ऐतिहासिक कार्यों के लिए याद की जाती हैं दिव्या

अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान दिव्या मित्तल अपनी सख्त कार्यशैली और जनहित के अनूठे कार्यों के लिए जानी जाती थीं। उनके कार्यकाल का सबसे चर्चित क्षण वह था, जब उन्होंने लहुरिया दह गांव में आजादी के 75 साल बाद पहली बार पीने का पानी पहुंचाया था। किवंदियों के मुताबिक, पानी की भारी किल्लत के कारण उस गांव में कोई अपनी बेटी की शादी करने तक को तैयार नहीं होता था, जिसे उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से बदल दिखाया था।

Also Read: वन स्टॉप सेंटर का मुख्य विकास अधिकारी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.