Lucknow News: कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत मामले में मॉडल गर्लफ्रेंड समेत 4 पर हत्या का मुकदमा दर्ज
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में अलीगंज के एक चिकन कारोबारी के बेटे और आंगन कैफे के मालिक शिवा शर्मा (28) की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक की मां रंजना शर्मा ने शिवा की मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, चालक और आदिल पर मिलकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में चार टीमें दबिश दे रही हैं।
बर्बरता से पीटा और फिर चौथी मंजिल से फेंका
शिवा की मां रंजना शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका बेटा श्रद्धा से अलग होना चाहता था, लेकिन श्रद्धा इसके लिए तैयार नहीं थी। वह अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देकर शिवा को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी, जिसके डर से शिवा उसके साथ रहने को मजबूर था।
मां का आरोप है कि आरोपियों ने पहले शिवा के साथ बेरहमी से मारपीट की। उसकी दोनों आंखें फोड़ दी गईं, पसलियां और पैर तोड़ दिए गए, जबड़ा फ्रैक्चर कर दिया गया और पूरे शरीर को सिगरेट से जलाया गया। इसके बाद साक्ष्य छुपाने के लिए उसे अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।
मां ने यह भी सवाल उठाया कि जब केजीएमयू में शिवा का शव मिला, तो वह अर्द्धनग्न हालत में केवल नेकर में था और उसके शरीर पर महिलाओं का मेकअप लगा हुआ था। उन्होंने सवाल किया कि यदि बेटा चौथी मंजिल से गिरा, तो उसके शरीर पर मेकअप कैसे आया और वह केवल नेकर में कैसे था?
मृतक की कथित गर्लफ्रेंड और मामले की मुख्य आरोपी मॉडल-इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे लखनऊ से लेकर जयपुर और दिल्ली तक स्टेज परफॉरमेंस कर चुकी है। इंस्टाग्राम पर उसके करीब डेढ़ लाख फॉलोअर्स हैं। उसकी सोशल मीडिया आईडी पर उसके जन्मदिन (21 अक्टूबर) पर अभिनेता रजनीश दुग्गल, अस्मित पटेल और कई अन्य सेलिब्रिटीज के वीडियो बधाई संदेश भी मौजूद हैं। आरोपी मॉडल ने लखनऊ में एक कैफे का उद्घाटन भी किया था।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से सभी आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद कर फरार हैं। पुलिस अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: आराधना मिश्रा के कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान भारी हंगामा, नेताओं में चले लात-घूंसे

