आराधना मिश्रा ने 2027 में भाजपा का विजय रथ रोकने का किया दावा, बोलीं- संविधान की रक्षा हमारा संकल्प

Lucknow News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी। पदभार ग्रहण करने के बाद पहली प्रेस वार्ता में मोना ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की बहाली और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा के विजय रथ को रोकेंगे।

मोना ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अराजकता का माहौल है। बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, किसानों की समस्याएं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में गिरावट गंभीर मुद्दे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। कांग्रेस इन मुद्दों पर जनता की आवाज उठाती रहेगी।

चार पीढ़ियों की विरासत आगे बढ़ाने का संकल्प

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी चार पीढ़ियों ने पार्टी में रहकर संघर्ष किया है। वह इस विरासत को पूरी जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। आज बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की रक्षा करना बड़ी चुनौती है।

मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल

मोना ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोटों की चोरी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ पूरा विपक्ष इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रहा है। कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव जीतकर ऐसी सरकार बनाना है, जिसमें संविधान सुरक्षित रहे और लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हो। मोना ने भरोसा जताया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन मिलकर भाजपा की सत्ता को चुनौती देंगे। इस मौके पर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, सांसद तनुज पुनिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में हंगामा

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब नारेबाजी को लेकर कार्यकर्ताओं के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थकों ने पार्टी नेत्री ममता चैधरी और उनके समर्थकों पर अभद्रता एवं बदसलूकी करने का आरोप लगाया। घटनाक्रम के दौरान अजय राय अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए और नाराजगी जताते हुए कार्यालय से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कार्यक्रम के दौरान अजय राय समर्थकों की ओर से की जा रही नारेबाजी को लेकर हुई। दूसरे पक्ष के कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना से नाराज अजय राय अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। उनके समर्थकों ने ममता चैधरी और उनके साथियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। हालांकि, विवाद के दूसरे पक्ष का विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है, इसलिए घटना के कारणों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद ने हस्तक्षेप किया। दोनों नेताओं ने अजय राय को समझाया, जिसके बाद वह वापस पार्टी कार्यालय के अंदर आए। इस पूरे घटनाक्रम के चलते करीब 10 मिनट तक कार्यालय में असहज स्थिति बनी रही। प्रदेश अध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान सामने आया यह विवाद पार्टी के आंतरिक समन्वय और कार्यकर्ताओं के बीच आपसी तालमेल को लेकर चर्चा का विषय बन गया।

Also Read: कॉकरोच जनता पार्टी ने चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.