कन्नौज में पूर्व भाजपा सांसद की एस्कॉर्ट गाड़ी डिवाइडर से टकराई, हेड कॉन्स्टेबल की मौत

Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की सुरक्षा में चल रही स्कॉर्पियो मंगलवार दोपहर हादसे का शिकार हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन-145 के पास गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी (50) की मौत हो गई, जबकि सिपाही कुंवरपाल (51) और ड्राइवर शरद प्रकाश (32) गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और एक्सप्रेस-वे की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को स्कॉर्पियो से निकालकर तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अभिषेक त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। बाकी दोनों घायलों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।

टायर फटने से गाड़ी बेकाबू होने का दावा 

पूर्व सांसद सुब्रत पाठक इटावा से कन्नौज जा रहे थे। उनके काफिले में दो गाड़ियां थीं। उनकी कार आगे चल रही थी, जबकि पीछे की स्कॉर्पियो में सुरक्षा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी, सिपाही कुंवरपाल और ड्राइवर शरद प्रकाश सवार थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो के चालक ने माइलस्टोन-145 के पास गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के समय स्कॉर्पियो की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने दैनिक भास्कर को फोन पर बताया कि स्कॉर्पियो उनकी ही गाड़ी है और उसमें उनके सुरक्षाकर्मी साथ चलते थे। उनके मुताबिक, टायर फटने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि हादसे के समय हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे थे, जबकि सिपाही कुंवरपाल पीछे की सीट पर थे। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, टक्कर के बाद गाड़ी के एयरबैग भी नहीं खुले।

घायलों को अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल

हादसे के समय सुब्रत पाठक की कार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से करीब 100 मीटर आगे चल रही थी। हादसे का पता चलते ही उन्होंने गाड़ी रुकवाई और डायल-112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद सुब्रत पाठक और वहां मौजूद अन्य लोगों ने काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला। फिर उन्हें अपनी गाड़ी से तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

मृत हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी फतेहपुर के रहने वाले थे। घायल सिपाही कुंवरपाल एटा और ड्राइवर शरद प्रकाश औरैया के निवासी हैं। दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कानपुर रेफर किया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसपी विनोद कुमार भी पुलिस बल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पुलिस और संबंधित टीमें हादसे की जांच कर रही हैं। स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से हटाकर सड़क किनारे कराया गया।

2019 में भी एक्सप्रेस-वे पर हादसे में पिता और चाचा की हुई थी मौत

सुब्रत पाठक के परिवार की गाड़ी भी 3 फरवरी 2019 को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हुई थी। उस दुर्घटना में उनके पिता ओमप्रकाश पाठक और चाचा महेश चंद्र की मौत हो गई थी।

उस समय दोनों दिल्ली से परिवार के तीन अन्य सदस्यों अशोक कुमार, आभा तिवारी और जयशंकर तिवारी के साथ घर लौट रहे थे। कन्नौज में माइलस्टोन-192 के पास घने कोहरे के कारण उनकी एसयूवी सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई थी। इसके बाद पीछे से आ रही एक बस ने भी एसयूवी को टक्कर मार दी। हादसे में अशोक कुमार, आभा तिवारी और जयशंकर तिवारी घायल हुए थे।

2019 में डिंपल यादव को हराया, 2024 में अखिलेश यादव से हारे

सुब्रत पाठक 2019 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट से चुनाव लड़ने के बाद चर्चा में आए थे। उन्होंने समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव को 12,353 वोटों से हराया था।

2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद कन्नौज सीट से मैदान में उतरे। इस चुनाव में अखिलेश यादव ने सुब्रत पाठक को करीब 1.70 लाख वोटों के बड़े अंतर से हराया था।

Also Read: लखनऊ में बोरे में मिला युवक का शव, बुरी तरह कुचला मिला सिर, पहचान में जुटी पुलिस 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.