CJP के आशुतोष-सौरभ को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया, जंतर-मंतर मामले में ऐक्शन
CJP Leaders Sent to Tihar Jail: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) और सौरभ दास (Sourabh Das) को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। वहीं, पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Deepke) के राजनीतिक गुरु अजिंक्य शिंदे (Ajinkya Shinde) को पीस बॉन्ड भरवाने के बाद रिहा कर दिया गया। दिल्ली के जंतर-मंतर क्षेत्र में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने के मामले में कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने मंगलवार तड़के तीनों नेताओं को हिरासत में लिया था। आरोप है कि वे बैरिकेडिंग पार कर जंतर-मंतर क्षेत्र में घुस गए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। बाद में तीनों को एहतियातन गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से रांका और दास को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।
रांका और दास को जेल भेजने पर दीपके ने उठाए सवाल
दोनों नेताओं को जेल भेजे जाने के फैसले पर CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने नाराजगी जताई। उन्होंने इंस्टाग्राम पर सवाल उठाते हुए लिखा, “आशु और सौरभ को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उनकी क्या गलती है? जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना?”
पुलिस ने इन आरोपों में दर्ज किया मामला
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने तीनों नेताओं के खिलाफ जबरन प्रवेश, निषेधाज्ञा का उल्लंघन, शांति बनाए रखने के लिए दिए गए मुचलके की शर्तें तोड़ने और लोक सेवक को सरकारी कर्तव्य निभाने से रोकने समेत विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किया है।
CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनावों में हेराफेरी के आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। पार्टी ने हाल के दिनों में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की कोशिश की थी, जिसे पुलिस ने रोक दिया।
जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाया गया
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने 11 अक्टूबर को आदेश जारी कर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान को प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल घोषित किया था। इसके बाद जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया।
CJP ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदर्शनों को राष्ट्रीय राजधानी के राजनीतिक केंद्र से दूर करने से लोगों की विरोध की आवाज कमजोर होगी।
Also Read: ममता बनर्जी पर हमला! TMC का दावा- महिला ने खींची साड़ी, छिपाकर लाई थी चाकू

