UP की 57 पानी कंपनियों के सैंपल असुरक्षित, FSDA ने लाइसेंस किए सस्पेंड, उत्पादन पर रोक

FSDA Action: उत्तर प्रदेश में बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। प्रदेश में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर और पैक्ड मिनरल वॉटर के नमूनों की जांच में 57 फर्मों के सैंपल असुरक्षित पाए गए हैं। इनमें ई-कोलाई (E. coli), कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, यीस्ट और मोल्ड जैसे हानिकारक सूक्ष्मजीव मिले हैं। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के आयुक्त ने संबंधित फर्मों के लाइसेंस सस्पेंड कर उत्पादन तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं।

FSDA ने जांच के लिए कुल 242 नमूने भेजे थे। इनमें से 146 नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। हालांकि, अधोमानक और असुरक्षित नमूनों की श्रेणियां अलग हैं। असुरक्षित पाए गए 57 फर्मों को जरूरी सुधार करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दोबारा जांच करानी होगी।

पांच बैचों की जांच के बाद ही उत्पादन की अनुमति

अधिकारियों के निर्देश के मुताबिक, अधोमानक नमूने वाली फर्मों को एक सप्ताह के भीतर कमियां दूर कर तीन बैच के नमूनों की जांच करानी होगी। वहीं, असुरक्षित नमूने वाली 57 फर्मों को सुधार के बाद टेस्ट ऑफ स्कीम के तहत पांच बैच के नमूने जांच के लिए देने होंगे। जांच में नमूने पास होने के बाद ही दोबारा उत्पादन की अनुमति मिलेगी।

39 जिलों में मिले असुरक्षित नमूने

प्रदेश के 39 जिलों से लिए गए नमूने असुरक्षित पाए गए। गाजियाबाद और हापुड़ में चार-चार नमूने मिले, जबकि गौतमबुद्ध नगर और अयोध्या में तीन-तीन नमूने असुरक्षित पाए गए। लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, बरेली, बिजनौर, जौनपुर, हाथरस, श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में दो-दो नमूने जांच में असुरक्षित निकले।

इसके अलावा हरदोई, अमेठी, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, कानपुर नगर, शाहजहांपुर, बागपत, मुरादाबाद, रामपुर, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, चंदौली, वाराणसी, अलीगढ़, फर्रुखाबाद, बहराइच, आजमगढ़, चित्रकूट, ललितपुर, संत कबीर नगर, मीरजापुर, सोनभद्र, झांसी, आगरा और लखनऊ समेत अन्य जिलों में भी असुरक्षित नमूने मिले।

चंदौली में अधोमानक पानी के सबसे ज्यादा नमूने

गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले नमूनों में चंदौली सबसे ऊपर रहा, जहां 12 नमूने अधोमानक मिले। अयोध्या, बाराबंकी, गाजियाबाद और जौनपुर में आठ-आठ, कानपुर नगर में सात तथा आगरा और बरेली में छह-छह नमूने अधोमानक पाए गए। प्रयागराज और वाराणसी में पांच-पांच, जबकि गोरखपुर और हापुड़ में चार-चार नमूने इस श्रेणी में रहे।

Also Read: UP में अब बिना एक्सपायरी डेट नहीं बिकेंगी खुली मिठाइयां, 15 अक्टूबर से होगा नियम लागू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.