Netflix में बड़ी छंटनी, 1,000 कर्मचारियों की गई नौकरी, 2022 के बाद सबसे बड़ा झटका

Netflix Layoffs 2026: स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह 2022 के बाद कंपनी की सबसे बड़ी छंटनी है। इससे कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 6 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित होगा। सबसे ज्यादा कटौती प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, लीगल और ह्यूमन रिसोर्सेज (HR) विभागों में होने की उम्मीद है।

नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस और ग्रेग पीटर्स ने बुधवार को ईमेल के जरिए कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। कंपनी धीमी ग्रोथ और स्ट्रीमिंग बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी रणनीति में बदलाव कर रही है।

शेयरों में गिरावट और ग्रोथ का दबाव

Netflix अब सब्सक्रिप्शन के अलावा विज्ञापन, लाइव प्रोग्रामिंग और गेमिंग से भी कमाई बढ़ाने की कोशिश कर रही है। सितंबर के अंत में एक ब्लूमबर्ग कार्यक्रम में टेड सारंडोस ने कहा था कि कंपनी उतनी तेजी से नहीं बढ़ रही, जितनी वह चाहते हैं।

बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले छह महीनों में कंपनी के शेयर 30 प्रतिशत से अधिक और एक साल में 40 प्रतिशत से ज्यादा गिर चुके हैं।

सब्सक्रिप्शन की कीमतें भी बढ़ाईं

नेटफ्लिक्स ने साल की पहली छमाही में 97 अरब व्यूइंग आवर्स दर्ज किए, जो पिछले साल की समान अवधि से 2 प्रतिशत अधिक हैं। इसके बावजूद निवेशक दर्शकों की एंगेजमेंट और कंपनी की ग्रोथ को लेकर सवाल उठा रहे हैं। कंपनी ने अब विस्तृत व्यूअरशिप डेटा साल में दो बार के बजाय सालाना जारी करने का फैसला किया है।

अमेरिका में मार्च के दौरान Netflix ने अपने स्टैंडर्ड विज्ञापन-मुक्त प्लान की कीमत 17.99 डॉलर से बढ़ाकर 19.99 डॉलर प्रति माह कर दी। विज्ञापन वाले प्लान की कीमत भी 7.99 डॉलर से बढ़ाकर 8.99 डॉलर कर दी गई।

2022 में एक दशक से अधिक समय में पहली बार सब्सक्राइबर गंवाने के बाद भी कंपनी ने कर्मचारियों की छंटनी की थी। पिछले साल के अंत तक नेटफ्लिक्स में लगभग 16,000 पूर्णकालिक कर्मचारी काम कर रहे थे।

Also Read: LTCG टैक्स पर निवेशकों की राय सुनेगी सरकार, निर्मला सीतारमण ने बजट से पहले दिया संकेत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.