प्रतापगढ़ में दुर्गा पंडाल में DJ बजाने को लेकर बवाल, मारपीट के मामले में 5 गिरफ्तार

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में दुर्गा पंडाल में डीजे बजाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना मानिकपुर थाना क्षेत्र के देहंगरी जमालपुर गांव की है। मारपीट में कई लोगों को चोटें आईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा। मामले में पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे हुई। डायल 112 के जरिए मानिकपुर पुलिस को गांव में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि किसी भी घायल को गंभीर चोट नहीं आई है।

पांच नामजद आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में देहंगरी जमालपुर निवासी अंकित मिश्रा पुत्र संतोष मिश्रा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, असगर अली, अफजल अली, अफसर अली, हैदर अली, सरवर अली और फैजान अली समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

शिकायत में आरोपियों के घर की अज्ञात महिलाओं का भी उल्लेख किया गया है। दुर्गा पंडाल के आयोजन से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलाए गए। उन्होंने देवी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप भी लगाया था।

प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के आरोप से थाना प्रभारी ने किया इनकार

थाना प्रभारी पंकज कुमार राय ने देवी प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की बात से इनकार किया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस सतर्कता बरत रही है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अवधेश सिंह कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग के आंकड़ों पर उठाए सवाल, बोले- गलती पकड़ क्यों नहीं पा रहा? 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.