सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने स्वतंत्र देव सिंह के आवास का किया घेराव, घंटी बजाकर जताई नाराजगी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अभ्यर्थियों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर फूट पड़ा। नियुक्ति की मांग को लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के सरकारी आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अनोखा तरीका अपनाते हुए घंटी बजाकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया और जमकर नारेबाजी की। पिछले 48 दिनों से लगातार आंदोलन कर रहे इन अभ्यर्थियों का यह प्रदर्शन प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
मंत्री ने आवास के बाहर आकर सुनी अभ्यर्थियों की समस्याएं
प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह स्वयं अपने आवास के बाहर बाहर आए और प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने शांत होकर सभी की बात सुनी और उन्हें अपना समर्थन व सहयोग देने का पूरा आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि वे अभ्यर्थियों के साथ हैं और इस गंभीर मामले पर उच्च स्तर पर चर्चा करेंगे। मंत्री के इस सकारात्मक आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों में अपनी नियुक्ति का रास्ता साफ होने की एक नई उम्मीद जगी है।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि वर्ष 2018 की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में उन्हें नियमानुसार आरक्षण का पूरा लाभ दिया जाए। इसके साथ ही, पांच प्रतिशत की छूट के आधार पर मौजूदा चयन सूची में जरूरी संशोधन करते हुए एक संशोधित नई सूची जारी की जाए, ताकि सभी पात्र और वंचित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिल सके।
अभ्यर्थियों का दर्द झलकते हुए कहना है कि वे बीते छह सालों से लगातार नियुक्ति के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं, लेकिन आज तक उनके हाथ निराशा ही लगी है। इस दौरान उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री से लेकर तमाम मंत्रियों, सांसदों और विधायकों तक अपनी फरियाद पहुंचाई, परंतु हर जगह से सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिले। अब पिछले 48 दिनों से लगातार धरने पर बैठे इन युवाओं को आखिरकार न्याय मिलने का इंतजार है।
Also Read: यूपी में कोहरे से हादसे रोकने की तैयारी, हाईवे पर तैनात होंगे पेट्रोलिंग वाहन और एंबुलेंस

