सिद्धार्थनगर में 1 नवंबर को लगेगा विशाल मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर
Siddharthnagar News: जनपद के आम नागरिकों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आगामी 1 नवंबर 2026, रविवार को लोहिया कला भवन, सिद्धार्थनगर में विशाल मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकर सिद्धार्थनगर सचिव शैलेन्द्र नाथ ने दीI उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताते हुए बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशों तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के अनुमोदन के क्रम में आयोजित यह शिविर सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य निर्बल, निर्धन, दिव्यांगजन, महिलाओं, बच्चों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों की जानकारी देना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई विभागों की सुविधाएं
मेगा शिविर में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, स्वास्थ्य, कृषि, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पंचायती राज, राजस्व, शिक्षा, पुलिस और बैंक ऋण योजनाओं सहित विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
पेंशन से लेकर आयुष्मान कार्ड तक का मिलेगा लाभ
शिविर में आयुष्मान एवं आरोग्य कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, कृषक दुर्घटना बीमा तथा श्रमिक पंजीकरण जैसी योजनाओं के लिए आवेदन और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना और सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली परेशानियों को कम करना है।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपकरणों का होगा वितरण
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसमें आंखों, दांतों और सामान्य स्वास्थ्य की जांच के साथ ब्लड ग्रुप टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त चिन्हित लाभार्थियों को आवश्यक उपकरण, विभिन्न योजनाओं से संबंधित लाभ पत्र और अन्य सामग्री वितरित की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की जनपदवासियों से अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपद के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाजसेवियों से अपील की है कि वे 1 नवंबर को लोहिया कला भवन, सिद्धार्थनगर में आयोजित होने वाले मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और उपलब्ध योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाएं। इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर के द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनसामान्य से शिविर में सहभागिता की अपील की गई है।
रिपोर्ट- जाकिर खान

