अखिलेश यादव ने मुफ्त धार्मिक यात्रा बस सेवा को दिखाई हरी झंडी, मतदाता सूची पर भी उठाए सवाल
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय से बुलंदशहर के शिकारपुर क्षेत्र के लिए निःशुल्क धार्मिक यात्रा बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिव कुमार शर्मा ‘सीटू भाई’ की ओर से संचालित इस सेवा के तहत दो बसों से श्रद्धालु सुबह धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के लिए जाएंगे और शाम तक घर लौट सकेंगे। यात्रा के दौरान भोजन और पानी की व्यवस्था भी मुफ्त रहेगी।
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने इस पहल की सराहना करते हुए पीडीए के प्रेम, दया और अपनेपन का संदेश घर-घर और गांव-गांव पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीडीए हर अपमानित, पीड़ित और शोषित व्यक्ति का संबल है।
शिव कुमार शर्मा ने बताया कि वह क्षेत्र में एम्बुलेंस, निःशुल्क आटा चक्की और ट्रैक्टर की सुविधा भी उपलब्ध कराते हैं। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, वंशी सिंह पहाड़िया, सौरभ मीना, संजीव पहाड़िया, करन चौधरी, चौधरी वीरेन्द्र सिंह, राम कुमार प्रधान और संदीप यादव मौजूद रहे।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सपा ने उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की बैठक में सवाल उठाए। पार्टी ने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था से भाजपा को फायदा पहुंचाने की मंशा दिखाई देती है। सपा ने विशेष अभियान को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में मिलाकर केवल एक अभियान चलाने की मांग की।
पार्टी के मुताबिक, प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के 1,77,516 बूथों पर 166 दिन तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) चलने के बाद 5 अक्टूबर 2026 से एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया। इसके बाद 12 नवंबर 2026 से फिर एक महीने के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित किया गया।
सपा ने सवाल किया कि जब SIR के दौरान मतदाताओं और नए मतदाता बनने के इच्छुक लोगों को जटिल नियमों का पालन करना पड़ा, तो अब उन्हीं नियमों को दरकिनार कर अलग विशेष अभियान चलाने का औचित्य क्या है। पार्टी ने दोनों अभियानों के बजाय एकीकृत विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराने की मांग दोहराई।
Also Read: अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग के आंकड़ों पर उठाए सवाल, बोले- गलती पकड़ क्यों नहीं पा रहा?

