पिता ने ही मैगी में मिलाया था जहर? ग्रेटर नोएडा में 5 मौतों के मामले में चौंकाने वाला मोड़

Greater Noida Family Death Case: ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। शुक्रवार रात महेश, उनकी पत्नी ललिता और तीनों बच्चे मैगी खाकर सोए थे। शनिवार सुबह पांचों के शव घर में मिले। शुरुआत में मामला फूड पॉइजनिंग का माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम में जहर दिए जाने के संकेत मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस सूत्रों ने आशंका जताई है कि महेश ने ही मैगी में जहर मिलाया था। महेश के फोन से एक ऑडियो भी मिला है, जिसमें उसने अपनी दो बहनों और जीजा को मौतों के लिए जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया है।

संपत्ति विवाद की आशंका, विसरा जांच के लिए भेजा

रबूपुरा के थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि मृतक की दो बहनों और एक जीजा को रिश्तेदार की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, महेश, उसकी पत्नी ललिता (35), बेटी मिष्टी (7) और बेटे लड्डू (11) व साक्षात (3) के शव शनिवार सुबह नगला श्री पदम गांव स्थित घर से बरामद हुए थे। पोस्टमार्टम के बाद विसरा के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। रिपोर्ट आने पर मौत की सटीक वजह स्पष्ट होगी।

मानसिक तनाव में था महेश?

पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई गई है कि महेश मानसिक तनाव या अवसाद से गुजर रहा था और उसने परिवार के साथ आत्मघाती कदम उठाया हो। हालांकि, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस ऑडियो रिकॉर्डिंग, अन्य सबूतों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

एसीपी ग्रेटर नोएडा राजीव सिसोदिया ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: कानपुर में 4 साल की बच्ची के साथ दिव्यांग ने की दरिंदगी, पड़ोसी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.