इटली में हिंसक प्रदर्शन से बिगड़े हालात, मेलोनी ने बुलाई इमरजेंसी बैठक, भारतीयों के लिए अलर्ट
Italy Violent Protests: फ्रांस के बाद अब इटली में भी हिंसक प्रदर्शनों से हालात बिगड़ने लगे हैं। महंगाई और सार्वजनिक सेवाओं की बदहाली के खिलाफ शुरू हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान कई शहरों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें हुई हैं। दुकानों में लूटपाट और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की खबरें भी सामने आई हैं। हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) ने सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक बुलाई।
भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
इटली में बढ़ते तनाव (Italy Violent Protests) के बीच रोम स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और विरोध-प्रदर्शन वाली जगहों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। दूतावास ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि पिछले सप्ताह इटली के कुछ शहरों में प्रदर्शन हुए थे।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क करें:
- रोम स्थित भारतीय दूतावास: +39 331 614 2085
- मिलान स्थित भारत का महावाणिज्य दूतावास: +39 3881647527
दूतावास ने नागरिकों से स्थानीय हालात पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सावधानी बरतने को कहा है।
‘विरोध का अधिकार है, शहरों में आग लगाने का नहीं’
प्रधानमंत्री मेलोनी (PM Giorgia Meloni) ने रविवार को हिंसा की निंदा करते हुए कहा, “विरोध-प्रदर्शन करना एक अधिकार है, लेकिन हमारे शहरों में आग लगाना अधिकार नहीं है।”
उन्होंने बताया कि मिलान में सुरक्षा बलों पर पत्थर फेंके गए, जिसमें कुछ अधिकारी घायल हो गए। इसके चलते प्रदर्शनकारियों के जुलूस को रोकना पड़ा। ट्यूरिन में पत्थर और हथौड़े लेकर जा रहे लोगों को रोका गया, जबकि एहतियात के तौर पर बोलोग्ना में एक रेलवे स्टेशन बंद करना पड़ा।
मेलोनी ने विपक्षी दलों से भी हिंसा की स्पष्ट निंदा करने और भविष्य में होने वाले प्रदर्शनों को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल, कई शहरों में तनाव (Italy Violent Protests) के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
Also Read: फिर सुलगा पेरिस! महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग, बिल्डिंग-गाड़ी में लगाई आग

