कुशीनगर में नवरात्रि मेला देखकर लौट रहे 4 दोस्तों की मौत, पेड़ से टकराई कार, 3 घायल
Kushinagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सातों युवक कसया में नवरात्रि का मेला देखकर कार से घर लौट रहे थे। कसया-देवरिया मार्ग पर रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी सात युवक घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), कसया पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान दो और युवकों की मौत
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पांच घायलों में से दो और युवकों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई। बाकी तीन घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद राहत कार्य में मदद की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन पेड़ से जा टकराया।
चार दोस्तों की मौत से परिवारों में कोहराम
हादसे (Kushinagar Road Accident) में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान नीतेश कुमार, प्रदीप कुमार, अंकुर कनौजिया और संजीव शर्मा के रूप में हुई है। चारों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में चीख-पुकार मच गई। त्योहार के मौके पर हुए इस हादसे से मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है।
Also Read: लखनऊ में मुंडन कराकर लौट रहे परिवार की कार पलटी, 2 महिलाओं की मौत, 7 घायल

