शिवा हत्याकांड में मॉडल श्रद्धा, बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की जमानत अर्जी खारिज
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा शुक्ला, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को अदालत से बड़ा झटका लगा है। प्रभारी सीजेएम आलोक वर्मा ने तीनों आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि अपराध गंभीर प्रकृति का है और इसका परीक्षण सत्र न्यायालय के स्तर पर होना है, इसलिए जमानत देने का कोई उचित आधार नहीं बनता। श्रद्धा की ओर से अधिवक्ता ने सीजेएम कोर्ट में यह जमानत अर्जी दाखिल की थी।
10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए तीनों आरोपी
इससे पहले हजरतगंज पुलिस ने गुरुवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मंगलवार दोपहर नागपुर के बेतलारोड़ी इलाके स्थित एक फ्लैट से तीनों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम सुबह करीब पौने 10 बजे तीनों को हजरतगंज कोतवाली लेकर पहुंची। यहां पुलिस उपायुक्त मध्य अर्पित विजयवर्गीय के सर्विलांस कार्यालय में तीनों से करीब साढ़े छह घंटे तक पूछताछ की गई। देर शाम कड़ी सुरक्षा के बीच तीनों हत्यारोपियों का सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया, इसके बाद उन्हें प्रभारी सीजेएम बलवंत भारती की कोर्ट में पेश किया गया।
श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर अली उर्फ दानिश को गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे जिला जेल में दाखिल कराया गया। मुख्य गेट पर तैनात जेलकर्मी ने तीनों के नाम गेट बुक में दर्ज किए। इसके बाद दूसरे गेट पर जेल अधिकारियों की मौजूदगी में तीनों की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान श्रद्धा ने कुछ आपत्ति जताई, लेकिन अधिकारियों ने उसे अनसुना कर दिया। महिला जेलकर्मियों द्वारा तलाशी पूरी करने के बाद जेल के डॉक्टरों और फार्मासिस्ट ने तीनों का मेडिकल परीक्षण किया। जेल रिकॉर्ड में तीनों का व्यक्तिगत व पारिवारिक ब्योरा और शरीर के पहचान चिह्न दर्ज किए गए। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद श्रद्धा और रश्मि को महिला बैरक के कोरनटाइन बैरक में अन्य महिला बंदियों से अलग रखा गया, जबकि चालक तनवीर अली को पुरुष बैरक में बंद किया गया।

क्या है पूरा मामला
बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर नौ अक्टूबर की रात चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज के कपूथला में रहते थे। शिवा की मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से जलाने और माफिया व कई नामचीन लोगों से धमकी दिलाने का आरोप लगाया था। शिवा पिछले एक साल से मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पीड़ित मां ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद श्रद्धा, उसकी बहन और अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
Also Read: साइबर हमलों का खतरा बढ़ा, AI कंपनी एंथ्रोपिक के अधिकारी बोले- हालात और बिगड़ सकते हैं

