लखीमपुर के राजा प्रताप विक्रम शाह इंटर कॉलेज में चुनाव पर विवाद, मतदाता सूची सार्वजनिक करने की मांग

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के सिंगाही स्थित राजा प्रताप विक्रम शाह इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के प्रस्तावित चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समिति का कार्यकाल समाप्त होने के बाद संस्था के सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने वैध सदस्यों की अंतिम या प्रारूप मतदाता सूची और चुनाव का पूरा कार्यक्रम सार्वजनिक करने की मांग की है।

सभापति को सौंपा संयुक्त प्रार्थना पत्र

इस मामले में उमाकान्त जायसवाल, राहुल गुप्ता, जोगिंदर शाक्य, रामू गुप्ता, अनुज गुप्ता, मसरूर खान, ऋषभ जैन, विकास कुमार और अनुराग समेत अन्य सदस्यों ने प्रबंध समिति के सभापति अन्नू बाजपेयी को संयुक्त प्रार्थना पत्र दिया है।

पत्र में सदस्यों ने कहा कि कॉलेज में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए वैध सदस्यों की अंतिम या प्रारूप मतदाता सूची सार्वजनिक की जानी चाहिए। इसके साथ ही चुनाव की पूरी समय-सारिणी और कार्यक्रम की जानकारी भी सभी सदस्यों को दी जानी चाहिए।

उनका कहना है कि इससे संस्था के सभी पात्र सदस्यों को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी और वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

वैध सदस्यों को चुनाव से दूर रखने पर कार्रवाई की चेतावनी

सदस्यों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र सदस्य को चुनाव में हिस्सा लेने का अधिकार है। किसी भी वैध सदस्य को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव अधिकारी से मतदाता सूची और चुनाव कार्यक्रम सार्वजनिक कर पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराने की मांग की है।

संयुक्त प्रार्थना पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि किसी वैध सदस्य को चुनाव में भाग लेने से रोका जाता है, तो इसके लिए सभापति समेत पूरी प्रबंध समिति जिम्मेदार होगी। सदस्यों ने कॉलेज प्रबंधन से आवश्यक कदम उठाकर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल, सदस्यों की प्रमुख मांग मतदाता सूची और चुनाव कार्यक्रम को सार्वजनिक करने की है, ताकि चुनाव प्रक्रिया को लेकर बनी आशंकाएं दूर हो सकें।

Also Read: यूपी के 3.82 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं को राहत, 1 नवंबर से दो बार जांच के बाद मिलेगा बिल 

रिपोर्ट विनय कुमार मिश्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.