Lakhimpur Kheri News: दरोगा के विदाई समारोह में पुलिस की आधी वर्दी पहनकर पहुंचा युवक, फोटो वायरल
Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाने में आयोजित एक दरोगा के विदाई समारोह की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर में एक युवक पुलिस की आधी-अधूरी वर्दी पहने नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि युवक समारोह में शामिल हुआ था और उसने कस्बा इंचार्ज दरोगा आशुतोष सिंह के साथ तस्वीर भी खिंचवाई थी। तस्वीर सामने आने के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
तबादले के बाद आयोजित हुआ था विदाई समारोह
जानकारी के मुताबिक, सिंगाही थाने में तैनात कस्बा इंचार्ज दरोगा आशुतोष सिंह का तबादला मितौली थाना क्षेत्र की एक पुलिस चौकी पर हुआ है। उनके स्थानांतरण के बाद थाना परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया था।
इसी समारोह में कस्बे के वार्ड नंबर छह का निवासी रामनरेश यादव पुलिस की आधी-अधूरी वर्दी पहनकर पहुंच गया। वह दरोगा आशुतोष सिंह के साथ समारोह में शामिल हुआ। इस दौरान दोनों की तस्वीर खींची गई, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
युवक को लेकर पुलिस ने क्या बताया?
बताया जा रहा है कि रामनरेश यादव मानसिक रूप से अस्वस्थ है और कस्बे में घूमता रहता है। तस्वीर वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। पुलिस क्षेत्राधिकारी निघासन शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है और पूरे कस्बे में घूमता रहता है।

