अमिताभ बच्चन का धमकी देने वालों को जवाब, बोले- हमारा अखबार अब ब्लॉग पर चलता है
Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने एक ब्लॉग पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने इस पोस्ट में उन लोगों को जवाब दिया है, जो कथित तौर पर उन्हें धमकी दे रहे हैं कि वे उनके बारे में लिखना बंद कर देंगे। अमिताभ ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें ऐसी बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। उनका अपना समाचार पत्र अब उनके ब्लॉग पर चलता है। उन्होंने यह भी लिखा कि अगर कोई उनके बारे में एक बात लिखेगा, तो वह 100 बातें लिखेंगे।
ब्लॉग में क्या लिखा? प्रशंसकों के लिए भी कही ये बात
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग की शुरुआत तारीख का जिक्र करते हुए की। उन्होंने लिखा, “सोचा, दिन तो बदल गया है, 28 से अब 29 हो गया है, सुबह का वक्त है, बैठे हैं लैपटॉप के सामने तो आज के दिन की बात लिख देते हैं, ताकि रात को नंबरिंग की गलती ना हो…।”
इसके बाद उन्होंने अपने प्रशंसकों और उनसे बढ़ती दूरी का जिक्र किया। बिग बी ने लिखा, “क्या ऐसा हो रहा है? अगर हां, तो वह हमें जल्द ही बता देंगे। मैं उन पर निर्भर हूं। मैंने कुछ दिन पहले का एक लिफाफा खोला और उसमें से जो कुछ भी निकला, उसे प्रकाशित किया जा रहा है। जब प्रशंसक आस-पास होते हैं, तो अच्छा लगता है। हालांकि, पिछले रविवार को मैंने उन्हें बिखेर दिया। भले ही दूरियां बढ़ गई हों, लेकिन उनके प्रति मेरा स्नेह, प्यार और सम्मान कम नहीं हुआ है, और न ही कभी होगा।”

अमिताभ ने आगे कुछ लोगों पर तंज कसते हुए लिखा, “कुछ छोटे हैं, कुछ बड़े हैं, कुछ सोना ज्यादा पसंद करते हैं! अब देखिए कैसे इसकी हेडलाइन बन जाएगी! डरो मत यार, हमारे बारे में लिखना बंद कर दोगे, कोई समस्या नहीं, हमारा समाचार पत्र अब यहां चलता है। तुम एक करोगे, हम 100 करेंगे!”
‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’
अपने पोस्ट के आखिर में अमिताभ बच्चन ने खास अंदाज में चुनौती देने वालों को जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “जाओ! ले आओ अपने हाथी घोड़े… हम भी ले आएंगे! हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की! झूमते रहना!!!”

अमिताभ ने इस पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है। हालांकि, उनके लिखे शब्दों को सोशल मीडिया पर धमकी देने वालों को जवाब देने के तौर पर देखा जा रहा है। उनका पूरा ब्लॉग पढ़ने के लिए उनके आधिकारिक ब्लॉग पर जा सकते हैं।
रिटायरमेंट की खबरों के बीच सेहत पर दिया था अपडेट
अमिताभ बच्चन की उम्र 84 साल है। दशहरे के मौके पर उन्होंने बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम करने और सेहत पर ध्यान देने की सलाह दी है। इसके बाद उन्होंने रिकवरी पर ध्यान देने के लिए सोशल मीडिया से दूरी बनाने की बात कही थी।
हालांकि, अगले ही दिन बिग बी ने अपने ब्लॉग पर पोस्ट साझा कर सेहत का अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके शरीर को पहले से ज्यादा आराम की जरूरत महसूस हो रही है।
अमिताभ बच्चन की आने वाली फिल्में
अमिताभ बच्चन आने वाले समय में कई फिल्मों में नजर आने वाले हैं। इनमें कुछ बड़ी और चर्चित फिल्में शामिल हैं।
- रामायण: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अमिताभ बच्चन जटायु के किरदार को अपनी आवाज देंगे। फिल्म की रिलीज डेट 5 नवंबर 2026 बताई गई है।
- सेक्शन 84: रिभु दासगुप्ता की इस कोर्टरूम थ्रिलर में अमिताभ बच्चन के साथ निमरत कौर, डायना पेंटी और अभिषेक बनर्जी नजर आएंगे। फिल्म 14 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है।
- कल्कि 2898 AD: पार्ट 2: अमिताभ बच्चन और प्रभास की इस फिल्म का दर्शकों को इंतजार है। हालांकि, अभी इसकी रिलीज डेट घोषित नहीं हुई है।
- आंखें का सीक्वल: अमिताभ बच्चन सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ इस फिल्म पर काम कर रहे हैं।
- ब्रह्मास्त्र पार्ट टू: देव: इस फिल्म में भी अमिताभ बच्चन की अहम भूमिका होने की बात कही गई है।

