महंगाई से जनता परेशान, जानिए चुनाव से पहले UP सरकार मेहरबान! क्या-क्या मिल रहा मुफ्त?
UP Chunav 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार के मुफ्त सुविधाओं वाले ऐलान लगातार चर्चा में हैं। महिलाओं को LPG सिलेंडर और मुफ्त बस यात्रा से लेकर छात्राओं को स्कूटी और युवाओं को टैबलेट देने तक, सरकार ने अलग-अलग वर्गों के लिए योजनाओं का दायरा बढ़ाया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या विकास और रोजगार के मुद्दों के साथ अब मुफ्त सुविधाओं का पैकेज भी चुनावी रणनीति का हिस्सा बन रहा है?
बीते डेढ़ साल में सरकार ने महिलाओं, गरीब परिवारों और युवाओं के लिए कई घोषणाएं की हैं। एक नजर डालते हैं इन पर।
स्कूटी, सिलेंडर और टैबलेट… किसे क्या फ्री?
- उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त सिलेंडर: प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के करीब 1.89 करोड़ लाभार्थियों को होली और दिवाली पर एक-एक मुफ्त LPG सिलेंडर देने का ऐलान किया गया है। इसके लिए 1,500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
- 50 हजार छात्राओं को स्कूटी: रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत ग्रेजुएशन पूरा करने वाली करीब 50 हजार मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने का लक्ष्य है। चयन टॉप 5 फीसदी छात्राओं में से होगा और परिवार की सालाना आय 12 लाख रुपये तक होनी चाहिए।
- 60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा: राज्य परिवहन निगम की सामान्य बसों में मुफ्त सफर की सुविधा दी गई है। अनुमान है कि रोजाना करीब 88,438 महिलाएं इसका लाभ उठा सकेंगी।
- बेटियों की शादी के लिए 1.01 लाख रुपये: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अनुदान 51 हजार से बढ़ाकर 1.01 लाख रुपये कर दिया गया है।
- आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन साड़ियां: अब कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को साल में दो की जगह तीन साड़ियां मिलेंगी। इससे करीब 3.80 लाख महिलाओं को फायदा होगा।
- युवाओं को मुफ्त टैबलेट: स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट खरीदने की मंजूरी दी गई है। 2026-27 में इसके लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। पात्र ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा और कौशल विकास के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा।
UP Chunav 2027 से पहले मुफ्त सुविधाओं पर जोर
इन घोषणाओं में कोई योजना महिलाओं के लिए है, कोई छात्राओं के लिए तो कोई युवाओं और गरीब परिवारों के लिए। सरकार इन्हें जनकल्याणकारी फैसले बता रही है, लेकिन चुनाव से पहले इनका बढ़ता दायरा राजनीतिक सवाल भी खड़े करता है। क्या मुफ्त सिलेंडर, स्कूटी, बस यात्रा और टैबलेट जैसे ऐलान ही 2027 में बीजेपी की वापसी का रास्ता बनाएंगे, या जनता रोजगार, महंगाई और दूसरे मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगेगी? इसका फैसला चुनाव में होगा।
Also Read: 2004 के सैफई हादसे ने फिर बढ़ाई अखिलेश की मुश्किलें, पीड़ित ने कोर्ट में दाखिल किया परिवाद

