अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, 4 महिलाओं और 3 बच्चों समेत 7 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गुरुवार देर रात कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास एक बेकाबू 18 पहिया ट्रेलर (JH 02 AJ 1377) ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में कुल 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मृतकों में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां मां, बेटी और नातिन भी शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 9:45 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर पुलिया के पास झाड़ियों में गिर गया था। शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय पुरुष जब झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को निकालने में जुटे थे, उसी वक्त महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर देख रहे थे। तभी तोरपा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी भीड़ को रौंद दिया।

चालक और खलासी मौके से फरार

हादसे के बाद छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 12 वर्षीय सौरभ नायक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। अन्य मृतकों की पहचान पाको देवी, कसीला देवी, मानहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी और तूती कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल खुशबू कुमारी का इलाज खूंटी सदर अस्पताल में चल रहा है और एक अन्य घायल का उपचार तोरपा सीएचसी में जारी है।

घटना के बाद चालक और खलासी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि चालक अत्यधिक शराब के नशे में था और गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फरार चालक व खलासी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

Also Read: पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, कुख्यात जेपी यादव समेत 3 ढेर, थानेदार को भी लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.