अब वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में दान को लेकर विवाद, सेवादारों पर चढ़ावा हड़पने का आरोप

Vrindavan Banke Bihari Mandir: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले की जांच अभी जारी है, इसी बीच वृंदावन के प्रसिद्ध ठाकुर श्रीबांके बिहारी मंदिर की दान व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। हाई पावर्ड टेम्पल मैनेजमेंट कमेटी के पूर्व सदस्य और सेवायत दिनेश गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि मंदिर की दान पेटिकाओं के पास तैनात कुछ सेवादार श्रद्धालुओं से दान अपने हाथ में लेकर पेटिका में डालने के बजाय उसे हड़प लेते हैं।

हालांकि मंदिर प्रबंधन ने इन आरोपों को व्यक्तिगत बताते हुए कहा है कि वर्षों से चली आ रही अव्यवस्थाओं को धीरे-धीरे सुधारा जा रहा है।

दिनेश गोस्वामी का कहना है कि पहले मंदिर (Vrindavan Banke Bihari Mandir) के जगमोहन क्षेत्र में कई सेवायत गोस्वामी अपने-अपने कलश रखकर श्रद्धालुओं से सीधे दान लेते थे। बाद में हाई पावर्ड कमेटी बनने के बाद इस व्यवस्था पर रोक लगा दी गई। इसके बाद कुछ लोगों ने नया तरीका अपनाया और दान पेटिकाओं के पास सेवादारों को खड़ा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि कई बार श्रद्धालुओं से दान अपने हाथ में लेकर पेटिका में डालने के नाम पर रकम का दुरुपयोग किया जाता है।

कलश और डलिया रखने पर पहले ही लग चुकी है रोक

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, पहले दान पेटिकाओं के ऊपर डलिया रखकर भी श्रद्धालुओं से चढ़ावा लिया जाता था। इसके अलावा कई सेवायत अपने निजी कलशों में भी दान एकत्र करते थे। हाई पावर्ड टेम्पल मैनेजमेंट कमेटी के गठन के बाद इन व्यवस्थाओं पर रोक लगाई गई, ताकि श्रद्धालुओं का दान सीधे मंदिर की आधिकारिक व्यवस्था में जमा हो सके।

चेयरमैन बोले- पुरानी अव्यवस्थाएं सुधारने में लगे हैं

हाई पावर्ड टेम्पल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन जस्टिस अशोक कुमार ने कहा कि किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि Banke Bihari Mandir में लंबे समय से कई अव्यवस्थाएं चली आ रही थीं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से सुधारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि दान पेटिकाओं पर डलिया रखने और निजी कलशों में दान लेने जैसी व्यवस्थाओं पर पहले ही अंकुश लगाया जा चुका है और सुधार का काम लगातार जारी है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बाद बढ़ी संवेदनशीलता

बांके बिहारी मंदिर में दान व्यवस्था को लेकर उठे सवाल ऐसे समय सामने आए हैं, जब अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला चर्चा में है। उस मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और लाखों रुपये की बरामदगी हुई है। SIT और पुलिस दोनों स्तर पर जांच जारी है। ऐसे में वृंदावन के इस नए विवाद ने धार्मिक स्थलों पर दान व्यवस्था की पारदर्शिता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Also Read: ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय से पुलिस की 3 घंटे तक पूछताछ, कई सवालों पर घिरे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.