Rajasthan में भीषण हादसा, ट्रक से टकराते ही धधक उठी बस, 7 की दर्दनाक मौत, 17 घायल
Rajasthan News: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हरिद्वार से मध्य प्रदेश के इंदौर जा रही टूरिस्ट बस एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस कुछ ही पलों में आग का गोला बन गई और उसमें सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए।
हादसा कोलावा थाना क्षेत्र के द्वारपुरा गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, बस में कुल 39 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के समय बस हरिद्वार से इंदौर लौट रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कई यात्री बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कुछ लोग आग में फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बचाईं कई जानें
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बस के शीशे तोड़े और यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाया।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। एंबुलेंस के जरिए घायलों को बिना किसी रुकावट के सीधे दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस, मृतकों की पहचान जारी
हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर राहत कार्य पूरा कराया। प्रशासन मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने में जुटा है। वहीं, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
Also Read: स्कूल वैन पर गिरा भारी-भरकम पेड़, एक मासूम की मौत, कई बच्चे घायल

