बिजनौर में DM कार्यालय पर वकीलों का हंगामा, टूटा गेट का शीशा, ट्रांसफर की मांग

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय में वकीलों के प्रवेश को लेकर विवाद हो गया। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव और अधिवक्ता रामेंद्र सिंह ने कार्यालय में उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में वकील DM कार्यालय पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।

अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की और उनके तबादले की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और वकीलों के बीच नोकझोंक हुई। इस दौरान DM कार्यालय के गेट का शीशा भी टूट गया।

मृतक आश्रित मामले में मुवक्किल के साथ पहुंचे थे अधिवक्ता

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को पूर्व बार सचिव रामेंद्र सिंह अपनी मुवक्किल के साथ मृतक आश्रित मामले के सिलसिले में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने पहले अपना परिचय पत्र कार्यालय के अंदर भिजवाया। इस पर उन्हें जवाब मिला कि जिलाधिकारी के यहां कोई कार्ड नहीं चलता।

इसके बाद रामेंद्र सिंह लाइन में लगकर कार्यालय के अंदर पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां उन्हें बताया गया कि वकीलों का प्रवेश प्रतिबंधित है और वे अंदर नहीं जा सकते। इसी दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। रामेंद्र सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय में उनका वीडियो बनाया गया और उन्हें अपमानित किया गया।

उन्होंने जिलाधिकारी के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सैकड़ों वकील धरने पर बैठे, पुलिस से धक्का-मुक्की

घटना की जानकारी मिलते ही जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, महासचिव मनोज शेट्टी, विनय कंबोज, अंकित शादीपुर, मुलायम सिंह, अंकित और मोहित समेत सैकड़ों अधिवक्ता DM कार्यालय पहुंच गए। सभी ने कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया और जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अधिवक्ताओं को रोकने की कोशिश की। इस पर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान कार्यालय के गेट का शीशा टूट गया। इसके बाद वकीलों ने जिलाधिकारी के स्थानांतरण की मांग तेज कर दी।

पूर्व बार सचिव रामेंद्र सिंह ने ऐलान किया कि जब तक जिलाधिकारी का तबादला नहीं होगा, तब तक अधिवक्ताओं का धरना जारी रहेगा।

SP ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा, धरना जारी

हंगामे और तोड़फोड़ की सूचना पर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं को समझाकर शांत कराने की कोशिश की। एसपी ने जिलाधिकारी से वार्ता कराने का आश्वासन भी दिया, लेकिन अधिवक्ता अपनी मांग पर अड़े रहे।

स्थिति को देखते हुए DM कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक अधिवक्ताओं का धरना और विरोध प्रदर्शन जारी था।

Also Read: पंजाब में AAP विधायक के 7 ठिकानों पर ED की छापेमारी, सरकारी जमीन हड़पने का आरोप 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.